सरगुजा में प्रेशर हॉर्न पर पुलिस का बड़ा एक्शन : सड़कों पर गूंजते प्रेशर हॉर्न पर सरगुजा पुलिस की करारी चोट, 25 बसों से ₹50,000 का समन वसूल, तेज़ आवाज़ अब नहीं चलेगी.

भारी वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए कई प्रकार की परेशानी उत्पन्न करते है, बस एवं ट्रकों से प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज कई लोगों के सुनने की क्षमता भी प्रभावित कर रही है। दुरुस्त यातायात व्यवस्था के साथ-साथ नागरिकों के हितो को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा यातायात पुलिस टीम को ऐसे प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों पर सख़्ती से कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम द्वारा गत दिवस बस स्टैंड अंबिकापुर एवं अन्य प्रमुख मार्गो पर भारी वाहनों में लगे हॉर्न की चेकिंग की गई, प्रमुखता से बसों मे लगे हॉर्न की जांच की गई, जिसमें अधिकतर वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगा हुआ पाया गया। वाहन चालकों को प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर की जाने वाली वैधानिक कार्यवाही के बारे में समुचित जानकारी देते हुए बसों में लगे प्रेशर हॉर्न को निकलवाया गया।

कार्यवाही के दौरान कुल 25 बसों में लगे प्रेशर हॉर्न निकलवाकार वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए कुल 50000/- रूपये का समन शुल्क वसूल किया गया। बस चालकों को कार्यवाही के दौरान समझाइस देते हुए बताया गया कि भीड़ भाड़ वाले जगह पर अचानक प्रेशर हॉर्न बजने से कई बार वाहन चालक घबरा जाते है, जिससे संतुलन बिगड़ जाता है। इससे एक्सीडेंट का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसी स्थितियों से बचने के लिए निर्धारित आवाज़ वाले सामान्य हॉर्न उपयोग में लाने की समझाइस दी गई, बसों से उक्त प्रेशर हॉर्न निकलवाने के पश्चात पुनः नया प्रेशर हॉर्न लगा हुआ पाये जाने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही किये जाने की हिदायत दी गई।

Related posts