मवेशियों के कारण होने वाले दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस का ‘‘गौरक्षा एवं वाहन चालक सुरक्षा’’ अभियान.
रोड में बैठे गौ वंश के गले में रेडियम कॉलर पहनाकर, रोड से हटाया गया.
रायपुर. 19 जुलाई 2025 : बरसात के मौसम में सड़कों पर बैठने वाले मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु रायपुर पुलिस ने ‘‘गौरक्षा एवं वाहन चालक सुरक्षा’’ अभियान की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में मवेशियों को सड़कों से हटाकर उनके गले में रेडियम कॉलर पहनाए जा रहे हैं। यह अभिनव पहल वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ गौवंश की भी रक्षा कर रही है। इस अभियान को गांव-गांव तक पहुँचाने के लिए पुलिस मितानों की भी सहायता ली जा रही है।
बरसात के मौसम में सड़कों पर मवेशी अक्सर रोड में झुंड बनाकर बैठे रहते है, जिसके कारण सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है जिसे ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा रोड में बैठे मवेशियों को हटाने एवं रेडियम कॉलर पहनाने का विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत रायपुर शहर के सभी यातायात थाना प्रभारियों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-53 (NH 53) में संचालित हाइवे पेट्रोलिंग वाहन में तैनात कर्मचारियों को 2000 नग रेडियम कॉलर (बेल्ट) वितरण कर अपने-अपने थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रोड में बैठे मवेशियों के गले में रेडियम कॉलर पहनाकर रोड से हटाने निर्देशित किया गया। रायपुर पुलिस द्वारा ‘‘गौरक्षा एवं वाहन चालक सुरक्षा’’ अभियान को जिले के हर गांव तक पहुंचाने के लिए पुलिस मितान की मदद् लेकर वृहत रूप से चलाए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

बता दे कि बरसात के मौसम में ज्यादातर मवेशी मच्छर एवं मक्खियों से बचने के लिए रोड में ही झुंड बनाकर बैठे रहते है जिसके कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका निरंतर बनी रहती है। सड़क दुर्घटना में अधिकांश वाहन चालक मवेशियों के कारण दुर्घटना के शिकार होते है साथ ही मवेशी भी दुर्घटना में मारे जाते है।
जिला रायपुर में विगत वर्ष 2024 में मवेशियों से होने वाले सड़क दुर्घटनाओं के कुल 19 प्रकरणों में 06 लोगों की मृत्यु एवं 02 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। इसी प्रकार वर्ष 2025 में विगत छः माह में कुल 12 सड़क दुर्घटनाओं में 06 लोगों की मृत्यु एवं 02 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। उक्त कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा मवेशी मालिकों से भी अपील की गई कि वे अपने मवेशियों की उचित देखभाल करें, मवेशियों को घर पर ही बांध कर रखें, रोड पर न छोड़ें, सड़क दुर्घटना की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें।
रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘‘गौरक्षा एवं वाहन चालक सुरक्षा’’ अभियान से प्रभावित होकर छ.ग. सी.सी.टी.व्ही. एसोसियेशन रायपुर द्वारा गौ वंश की सुरक्षा हेतु 2000 नग रेडियम कॉलर (बेल्ट) रायपुर पुलिस को प्रदाय कराया गया। इस दौरान छ.ग. सी.सी.टी.व्ही. एसोसियेशन के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र जैन, श्री रोहन जैन, श्री मदन लाल शर्मा, श्री संदीप सोनकर, श्री जय थरानी एवं रायपु पुलिस से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर श्री सतीष ठाकुर एवं श्री गुरजीत सिंह सहित सभी यातायात थाना प्रभारी तथा हाइवे पेट्रोलिंग टीम उपस्थित रहे।
