ऑपरेशन आघात में पुलिस का दोहरा वार : गांजा तस्कर गिरोह धराया, शराब का जखीरा जब्त, उड़ीसा से छत्तीसगढ़ तक फैला गांजा नेटवर्क ध्वस्त, अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर भी दबोचा गया, पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चार आरोपियों को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल.

गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है, जिसके तहत जशपुर पुलिस के द्वारा थाना तुमला क्षेत्र से जहां 05 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते तीन आरोपियों को पकड़ा गया है, वहीं ग्राम गांझियाडीह से 5800/- रुपये कीमत का 08 लीटर 280ml अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

गांजा तस्करी से संबंधित मामले का विवरण इस प्रकार है, कि दिनांक 19 जुलाई 2025 को थाना तुमला पुलिस को मुखबीर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक सफेद रंग की टीवीएस (TVS) अपाचे मोटर साइकल क्रमांक OD-15Z-8184 से एक बैग में गांजा रखकर बिक्री हेतु तुमला रोड से ग्राम सरईटोली की जा रहे हैं। जिस पर थाना तुमला पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर ग्राम सरईटोली तुमला मोड़ के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान तुमला की ओर से मुखबिर के द्वारा बताए गए, संदेही वाहन टीवीएस (TVS)  अपाचे मोटर साइकल क्रमांक OD-15Z-8184 , जिसमें की तीन व्यक्ति सवार थे, आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर उक्त वाहन को रुकवाया गया। पुलिस के द्वारा जब टीवीएस (TVS)   अपाचे मोटर साइकल में सवार तीनों संदेहियों की तलाशी ली गई, तो पुलिस को उनके पास रखे दो थैलों में भूरे कलर की प्लास्टिक टेप से लिपटा हुआ 05 पैकेट में 05 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला।

पुलिस के द्वारा तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम क्रमशः 01. कुनाल सेठ उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम गोयलो थाना तलसरा जिला सुंदरगढ़ (उड़िसा), 02. ईशांत नायक उम्र 18 वर्ष निवासी तलसरा जिला सुंदरगढ़ (उड़िसा), 03. नीलम लकड़ा उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम मेंडेर, जिला जशपुर (छ.ग) का रहने वाला बताया। उक्त तीनों आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया गया कि वे उड़ीसा राज्य से अवैध मादक पदार्थ गांजा को लाकर बिक्री हेतु ग्राम सरईटोली ले जा रहे थे। पुलिस के द्वारा आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा व तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकल को जप्त कर लिया गया है।

पुलिस के द्वारा तीनों आरोपी तस्करों क्रमशः कुनाल सेठ, ईशांत नायक व नीलम लकड़ा के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, थाना तुमला में 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

इसी क्रम में थाना तुमला पुलिस के द्वारा थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत ग्राम गांझियाडीह में भी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है, जिसका विवरण इस प्रकार है। दिनांक 18 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि ग्राम गांझियाडीह का आरोपी दिलीप साहू उम्र 32 वर्ष, अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब को बिक्री हेतु छुपाकर रखा है। जिस पर तुमला पुलिस के द्वारा तत्काल ग्राम गांझियाडीह में आरोपी दिलीप साहू के घर में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को उसके घर से दो लेडीज बैग में छुपाकर रखा हुआ 46 नग गोवा व लीजेंड कंपनी की व्हिस्की की 180 ml वाला पौवा मिला, जिसके सम्बन्ध में पुलिस के द्वारा जब आरोपी दिलीप साहू से वैध दस्तावेज की मांग की गई तो उसके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा आरोपी दिलीप साहू को हिरासत में लेकर, उसके कब्जे से 46 नग पौवा बॉटल में 08 लीटर 280 ml अंग्रेजी शराब को जप्त कर लिया गया है, जप्त शराब की बाजार में कीमत लगभग 5800/- रुपये है।

आरोपी दिलीप साहू के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसके विरुद्ध थाना तुमला में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts