रायगढ़ में ‘सुरक्षित सुबह’ अभियान के अंतर्गत हर सड़क होगी कैमरे की निगरानी में, अपराधियों की अब खैर नहीं, सीसीटीवी से बनेगा रायगढ़ अपराध मुक्त, पुलिस, व्यापारी और समाजसेवियों ने मिलाया हाथ, कैमरों से होगा हर मूवमेंट रिकॉर्ड.

जिले में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सीसीटीवी जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित सुबह’ के तहत आज पुलिस कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम ने की, जिसमें सर्राफा एसोसिएशन, पेट्रोल पंप एसोसिएशन, एनजीओ प्रतिनिधियों और शहर के प्रमुख गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही।

बैठक में एएसपी श्री मरकाम ने बताया कि हालिया श्याम मंदिर चोरी कांड में आरोपी की पहचान और ट्रैकिंग में सीसीटीवी कैमरे निर्णायक साबित हुए। इसी तरह पूर्व में हुई कई घटनाओं में भी फुटेज की सहायता से आरोपियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि अधिकांश व्यापारियों और नागरिकों ने अपने प्रतिष्ठानों और घरों में कैमरे तो लगाए हैं, लेकिन “सुरक्षित सुबह” अभियान के तहत उनसे आग्रह किया गया है कि कम से कम एक कैमरे का फोकस सड़क या सार्वजनिक स्थान पर रखा जाए, ताकि अपराध पर निगरानी बढ़े और आरोपी ट्रेस किए जा सकें।

उन्होंने प्रतिष्ठित नागरिकों और संगठनों से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहभागिता की अपील की। इस पर व्यापारी संगठनों और लायंस क्लब के विभिन्न विंग्स ने अभियान का समर्थन करते हुए पुलिस को उन स्थानों की सूची देने की बात कही जहां अभी कैमरे नहीं लगे हैं। साथ ही आश्वस्त किया कि वे अपने स्तर पर व्यापारी संगठनों की बैठक लेकर न सिर्फ कैमरे लगवाएंगे, बल्कि उनके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी स्वयं उठाएंगे।

पुलिस और नागरिकों की इस साझा पहल से रायगढ़ शहर और सुरक्षित होगा और अपराधियों के लिए कैमरों की निगरानी एक बड़ा अवरोध बनेगा।

Related posts