रायपुर, 26 जुलाई 2025 : भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ प्रदेश में आंतरिक अनुशासन को लेकर एक बड़ा कदम उठाते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस पार्टी नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर जारी किया गया है, जिसे पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है।
नोटिस में कहा गया है कि रवि भगत द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा नेताओं के खिलाफ “दुष्प्रचार” किया जा रहा है, जो पार्टी की नीतियों और अनुशासन के विरुद्ध है। यह कार्य पार्टी के “कृत्य अनुशासनहीनता” के अंतर्गत आता है।
इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश राम रोहरा ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि रवि भगत को नोटिस प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा, अन्यथा उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
