थाना विधानसभा क्षेत्रांतर्गत सड्डू स्थित बैरागी डेरा में दिये थे हत्या की घटना को अंजाम.
ताश पत्ती खेलने का विवाद बना हत्या का कारण, घटना में संलिप्त तीनों आरोपी है रिश्ते में सगे भाई.
प्रकरण में संलिप्त अन्य दो आरोपी हैं फरार, जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के किये जा रहे है हर संभव प्रयास.
आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 365/25 धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध किया गया है पंजीबद्ध.
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना विधान-सभा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही.
रायपुर. 26 जुलाई 2025 : रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित बैरागी डेरा में बीती रात एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक देवेन्द्र चंदवानी उर्फ राजा की हत्या उसके ही मोहल्ले के अर्जुन बैरागी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपी अभी भी फरार हैं। यह वारदात ताश पत्ती के पुराने विवाद और नशे की हालत में हुई कहासुनी का नतीजा थी।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी भागचंद चंदवानी ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह कटोरा तालाब रायपुर में रहता है। प्रार्थी का पुत्र देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा विगत 01 वर्ष से बैरागीडेरा सड्डू में अपनी मुंह बोली बहन के मकान में रहता है तथा उसी का फैंसी सामान खिलौना बिक्री करने का काम करता है। दिनांक 25 जुलाई 2025 को रात्रि करीबन 12:30 बजे प्रार्थी को मोबाईल फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि उसके पुत्र देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा के साथ अर्जुन बैरागी व उसके भाई डाडो तथा साहिल तीनों मिल कर मारपीट किये हैं। जिस पर प्रार्थी बैरागीडेरा सड्डू जाकर पता किया तो उसे जानकारी प्राप्त हुई कि 7-8 दिन पूर्व बैरागीडेरा सड्डू में उसके पुत्र देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा और अर्जुन बैरागी के मध्य ताश पत्ती खेलने की बात के विवाद को लेकर अर्जुन बैरागी ने देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा के साथ मारपीट किया था।
दिनांक 24 जुलाई 2025 की रात्रि करीबन 11:00 बजे गौरा चौरा में देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा शराब के नशे में खड़ा था, उसी समय अर्जुन बैरागी जो शराब पिया हुआ था – वहां आया तब देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा ने उसे तुमने मुझे मारा था, कहकर गाली-गलौच करने लगा तो अर्जुन बैरागी अपने कमर से चाकू निकाला और देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा को चाकू से मारा, जिससे उसके हाथ में चोट लगी, उसी समय अर्जुन बैरागी का भाई डाडो एवं साहिल भी आये और उन दोनों ने भी देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा को हाथ-मुक्का से मारपीट किया तथा तीनों अपने घर भाग गये। तब देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा अपने घर जाकर हॉकी स्टीक लेकर अर्जुन बैरागी के घर की ओर गया तो अर्जुन बैरागी अपने घर के पहले मंजिल से देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा को तेरे को आज जान से खत्म कर दूंगा कहकर सिमेंट पोल का आधा हिस्सा छत से उसके सिर में गिरा दिया, जिससे देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा के सिर में चोट आने से वह गिरकर बेहोश हो गया। जिसे उपचार हेतु अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा की मृत्यु हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 365/25 धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
हत्या की घटना को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी विधानसभा को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना-स्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों के छिपने के हर संभावित ठिकानों में लगातार रेड कार्यवाही कर घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी अर्जुन बैरागी को पकड़ कर घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा बताया गया कि वह एवं मृतक एक ही मोहल्ले के निवासी हैं, जो आसपास रहते है तथा एक-दूसरे से परिचित होने के साथ ही घटना दिनांक को वह अपने भाईयों के साथ मिलकर हत्या की उक्त घटना को अंजाम दिया गया था। जिस पर आरोपी अर्जुन बैरागी को गिरफ्तार कर कार्यवाही की गई।
प्रकरण में संलिप्त अन्य दो आरोपी फरार है जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
गिरफ्तार आरोपी – अर्जुन बैरागी पिता गोकुल बैरागी उम्र 24 साल निवासी सड्डू कैपिटल सिटी बैरागी डेरा बी एस यू पी थाना विधानसभा रायपुर.
इस प्रकरण की कार्यवाही में निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत थाना प्रभारी विधानसभा, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्रधान आरक्षक पुष्पराज परिहार, आरक्षक धनंजय गोस्वामी, आरक्षक अनिल राजपूत, आरक्षक गौरीशंकर साहू तथा थाना विधानसभा से सहायक उपनिरीक्षक विष्णु प्रसाद वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
