आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में हैं, मोटर साइकल चोरी के पांच प्रकरण दर्ज.
पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल, आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर सायकल को भी किया था जप्त.
आरोपी बागे अकरम दिनांक 17 मार्च 2025 को जिला जेल जशपुर से मुलजिम पेशी हेतु माननीय न्यायालय अंबिकापुर ले जाने के दौरान बस स्टैंड अंबिकापुर से पुलिस को चकमा दे हो गया था फरार.
चोरी के प्रकरण के पांच स्थाई वारंट में भी, पुलिस को थी आरोपी बागे अकरम की तलाश, पुलिस कर रही थी लगातार तलाश, अंततः सीतापुर से धर दबोचा, फरार आरोपी बागे अकरम को.
गिरफ्तार फरार आरोपी – बागे अकरम उर्फ गुड्डू उम्र 23 वर्ष निवासी पेंट खालपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा (छ.ग).
जशपुर. 29 जुलाई 2025 : जशपुर पुलिस को ऑपरेशन अंकुश के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोटरसाइकिल चोरी के पांच प्रकरणों में वांछित और पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू को अंततः सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध पत्थलगांव थाना क्षेत्र में कुल पांच मामलों में स्थायी वारंट जारी थे। वर्ष 2025 के मार्च में अंबिकापुर बस स्टैंड से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ यह शातिर चोर, महीनों से स्थान बदल-बदल कर छिप रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और टेक्निकल टीम की मदद से उसे एक यात्री बस से गिरफ्तार कर पुनः न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण कि मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 10 जनवरी 2024 को प्रार्थी नेहल अग्रवाल उम्र 21 वर्ष निवासी पत्थलगांव के द्वारा थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि बस स्टैंड पत्थलगांव स्थित एक श्रृंगारिका दुकान के सामने से उसकी एचएफ डीलक्स मोटर साइकल क्रमांक CG14MR5874 को कोई व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 07/2024, व धारा 379 भा.द.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
इसी क्रम में दिनांक 28 फरवरी 2024 को ग्राम बुलडेगा, थाना बागबहार, जिला जशपुर निवासी प्रार्थी छतर साय चौहान उम्र 33 वर्ष के द्वारा पत्थलगांव स्थित उसके किराए के रुम के सामने से उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटर सायकल क्रमांक CG13AF8179 की चोरी व उसी दिनांक को प्रार्थी कलेप खलखो उम्र 27 वर्ष निवासी जोरडोल, पत्थलगांव के द्वारा भी नंदन झरिया में नहाते वक्त, एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकल क्रमांक CG14MG0194 को किसी व्यक्ति के द्वारा चोरी कर के ले जाने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था तथा दिनांक 29 फरवरी 2024 को कोयला फैक्ट्री गली पत्थलगांव निवासी 43 वर्षीय प्रार्थी शिव कुमार यादव के द्वारा भी रोड किनारे खड़ी अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकल क्रमांक CG14MK1166 की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, इसी प्रकार प्रार्थी सहदेव एक्का उम्र 51 वर्ष निवासी पतरापाली थाना पत्थलगांव के द्वारा भी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि दिनांक 01 मार्च 2024 को वह अपनी पल्सर मोटर साइकल क्रमांक CG14MK0717 को सड़क किनारे खड़ा कर लघुशंका कर रहा था, इसी दौरान एक व्यक्ति उसकी मोटर साइकल को स्टार्ट कर चोरी कर ले गया था।
उपरोक्त समस्त रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में मोटर साइकल चोरी हेतु पृथक-पृथक अपराध क्रमांक क्रमशः 50/24, 51/24, 53/24 व 56/24 दर्ज कर, भा.द.वि. की धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सिलसिलेवार हुई मोटर साइकल चोरी की घटना में संलिप्त आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू उम्र 23 वर्ष को हिरासत में लेकर, उसके कब्जे से उक्त समस्त चोरी की मोटर सायकल को बरामद करते हुए, आरोपी बागे अकरम को दिनांक 25 मई 2024 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
इसी दौरान दिनांक 17 मार्च 2025 को पुलिस के द्वारा आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू को पेशी हेतु माननीय न्यायालय ले जाते समय, वह बस स्टैंड अंबिकापुर से पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया था, इसके संबंध में उसके विरुद्ध थाना अंबिकापुर में बीएनएस की धारा 262 के तहत प्रकरण दर्ज है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर जशपुर पुलिस, फरार आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू की लगातार खोजबीन कर रही थी, इसके लिए पुलिस के द्वारा अपने मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया था व पुलिस की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी। पुलिस लगातार फरार आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू की छिपने की संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू इतना शातिर था कि वह, जिला बैकुंठपुर, सरगुजा में जगह बदल-बदल कर रह रहा था। इसी दौरान दिनांक 28 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी बागे अकरम, सीतापुर क्षेत्र में देखा गया है, जिस पर जशपुर पुलिस के द्वारा सीतापुर जाकर आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू को ट्रेस करते हुए एक यात्री बस से धर दबोचा गया व विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। यहां यह बताना आवश्यक है कि आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू के विरुद्ध माननीय न्यायालय के द्वारा थाना पत्थलगांव में दर्ज सभी पांच मोटर साइकल चोरी के प्रकरणों में स्थाई वारंट भी जारी किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव, आरक्षक आशीषन टोप्पो व आरक्षक तुलसी रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र से मोटर साइकल चोरी के प्रकरण में जिला जेल जशपुर में निरुद्ध आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू जो कि मुलजिम पेशी हेतु ले जाते वक्त अंबिकापुर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, उसे पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। ऑपरेशन अंकुश निरंतर जारी रहेगा।
