बच्चों की तलाश में रायगढ़ पुलिस का कमाल : ऑपरेशन मुस्कान बना बच्चों की मुस्कान का कारण, रायगढ़ पुलिस ने रचा रेस्क्यू का इतिहास, 25 नाबालिगों को ढूंढ निकाला, पॉक्सो के तहत आरोपी गिरफ्तार.

रायगढ़. 3 अगस्त 2025 : जुलाई माह में रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 25 गुम नाबालिगों को राज्य और राज्य से बाहर से दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में 6 बालिकाओं के बहला-फुसलाकर भगाए जाने की पुष्टि होने पर आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया। यह अभियान रायगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रमाण है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में जुलाई माह के दौरान गुमशुदा नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” चलाया गया, जिसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है। अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों के अलावा प्रदेश से बाहर के जिलों से कुल 25 गुम नाबालिगों को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है।

दस्तयाब किए गए इन 25 नाबालिगों में से 6 बालिकाओं ने कथन में बताया कि उन्हें बहला-फुसलाकर भगाया गया था। इस पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत विधिसंगत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है। शेष मामलों में नाबालिगों के बिना बताए घर छोड़कर चले जाने की पुष्टि हुई, जिनमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सकुशल बरामद किया और परिजनों को सौंपा।

ऑपरेशन मुस्कान में रायगढ़ जिले के विभिन्न थाना-चौकियों की भूमिका उल्लेखनीय रही। सबसे अधिक थाना जूटमिल द्वारा 6 नाबालिगों को दस्तयाब किया गया। कोतरारोड़ थाना ने 4, पूंजीपथरा और कापू थाना ने 3-3, चक्रधरनगर थाना ने 2 तथा कोतवाली, पुसौर, तमनार, घरघोड़ा, भूपदेवपुर, खरसिया चौकी व रैरूमाखुर्द चौकी ने 1-1 नाबालिगों की सफल दस्तयाबी की।

Related posts