छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक कामकाज को चुस्त-दुरुस्त करने IAS अधिकारियों के व्यापक फेरबदल किए
रायपुर, 5 अगस्त 2025 | छत्तीसगढ़ शासन ने शासन प्रशासन की गति को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की एक नई सूची जारी की है, जिसमें अनेक वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, अतिरिक्त प्रभार और पदोन्नत समकक्ष पद सौंपे गए हैं। यह निर्णय राज्य में सुशासन और विभागीय समन्वय को और अधिक मज़बूत करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई अधिकारियों को नवीन पदस्थापना एवं अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है। यह आदेश नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन से जारी हुआ। आदेश क्रमांक ई 1-01/2025/एक-2 के तहत निम्नलिखित प्रमुख बदलाव किए गए हैं:
🔹 1. सुश्री रीना कंगाले को राजस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार
भा.प्र.से. (2003) की अधिकारी एवं वर्तमान सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले को अब राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग के सचिव के साथ-साथ राहत एवं पुनर्वास आयुक्त तथा आयुक्त, भू-अभिलेख का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
🔹 2. श्री अविनाश चम्पावत को GAD का चार्ज
श्री अविनाश चम्पावत, भा.प्र.से. (2003), को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) का सचिव बनाते हुए जन शिकायत निवारण विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
🔹 3. श्री रितेश अग्रवाल को सीजी मेडिकल सर्विसेज का एमडी नियुक्त
श्री रितेश कुमार अग्रवाल, भा.प्र.से. (2012) को CG Medical Services Corporation का प्रबंध संचालक बनाया गया है। साथ ही, उनके इस पद को प्रवर श्रेणी वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
🔹 4. श्री प्रभात मलिक को एक प्रभार से मुक्ति
श्री प्रभात मलिक, भा.प्र.से. (2015), को संयुक्त सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि शेष सभी प्रभार यथावत रहेंगे।
🔹 5. श्री रवि मित्तल को मुख्यमंत्री सचिवालय में जिम्मेदारी
श्री रवि मित्तल, भा.प्र.से. (2016), अब संयुक्त सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय होंगे। वे जनसंपर्क आयुक्त और संवाद के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
🔹 6. श्रीमती जयश्री जैन को वन विभाग में नई भूमिका
भा.प्र.से. (2016) की अधिकारी श्रीमती जयश्री जैन को उप सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
🔹 7. श्री दीपक अग्रवाल को लोक आयोग का प्रभार
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक श्री दीपक कुमार अग्रवाल को लोक आयोग का भी अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
🔹 8. श्रीमती पद्मिनी साहू को कोष एवं लेखा विभाग में जिम्मेदारी
भा.प्र.से. (2016) की अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू को संचालक, कोष एवं लेखा तथा संचालक, पेंशन एवं फर्म पंजीकरण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
🔹 9. श्रीमती हिना नेताम को आदिम जाति अनुसंधान संस्थान की कमान
राजभवन रायपुर में उप सचिव पद पर कार्यरत श्रीमती हिना अनिमेष नेताम को अब संचालक, आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान नियुक्त किया गया है। यह पद वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
🔹 10. श्री अश्वनी देवांगन को SRLM की जिम्मेदारी
उप सचिव, वन विभाग श्री अश्वनी देवांगन को अब मिशन संचालक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) और संचालक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


