जशपुर में आजादी के जश्न को मिला स्वच्छता का रंग, तिरंगे संग गूंजे ‘स्वच्छ भारत’ के नारे, गांव-गांव में रैलियां और देशभक्ति का उत्साह चरम पर

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान का जशपुर जिले में पूरे उत्साह के साथ किया जा रहा है आयोजन

देश के प्रति प्रेम का संदेश देने के साथ स्वच्छता के प्रति भी किया जा रहा है जागरूक

जशपुर, 13 अगस्त 2025/ सामूहिक एकता और देशभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान जिले में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता उत्सव को विशेष रूप से स्वच्छता के संकल्प के साथ जोड़ा गया है, ताकि राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ स्वच्छता के महत्व का संदेश भी घर-घर तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के साथ हर हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान 8 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आयोजित रैली में लोग हाथों में तिरंगा थामे, जोशीले नारों के साथ देशप्रेम का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता का संदेश भी दे रहे हैं।

इस अभियान की परिकल्पना सामूहिक उत्सव एवं नागरिक एकता की भावना पर आधारित है। इस उत्सव के दौरान ग्राम में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत मंगलवार को जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता फैलाना तथा गंदगी, कचरा फैलाने की बुरी आदतों को छोड़ने के लिए प्रेरित करना था। इस रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

Related posts