विद्यार्थियों ने देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दिल
कुनकुरी, 15 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के 79वें पर्व पर कुनकुरी ने देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखा। परंपरागत गरिमा के साथ आयोजित इस समारोह में नगरवासियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
जयस्तंभ चौक से खेल मैदान तक गूंजा देशभक्ति का जोश
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण से हुई। इसके पश्चात 8:30 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने जयस्तंभ चौक पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इसके बाद सभी की निगाहें नगर के खेल मैदान पर केंद्रित हो गईं, जहाँ मुख्य समारोह का आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि ने किया ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा गया
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उनके साथ जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय ने प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा। इस दौरान एसडीएम कुनकुरी नंदजी पांडे, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील, जनप्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के बाद राष्ट्रगान हुआ और आकाश में शांति और एकता के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए। नगर के प्रत्येक सरकारी कार्यालय, विद्यालय, बैंक, सामाजिक संगठन और कई निजी संस्थानों ने भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस का सम्मान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झलकी देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आकर्षण बना शालेय विद्यार्थियों का सांस्कृतिक कार्यक्रम। प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक – तीन वर्गों में विभाजित प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटिकाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।
पुरस्कार वितरण इस प्रकार रहा:
- प्राथमिक वर्ग: प्रथम – लोयोला अंग्रेजी माध्यम, द्वितीय – निर्मला कन्या प्राथमिक शाला नवाटोली, तृतीय – प्राथमिक शाला सुखबासुपारा अंग्रेजी माध्यम।
- माध्यमिक वर्ग: प्रथम – सेजेस अंग्रेजी माध्यम माध्यमिक शाला कुनकुरी, द्वितीय – लोयोला अंग्रेजी माध्यम कुनकुरी, तृतीय – सरस्वती शिशु मंदिर कुनकुरी।
- उच्चतर माध्यमिक वर्ग: प्रथम – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, द्वितीय – सरस्वती शिशु मंदिर, तृतीय – सेजेस अंग्रेजी माध्यम उ.मा. विद्यालय।
सम्मान और समापन
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल के अंकों के आधार पर विजेता प्रतिभागियों को शील्ड, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का मंच संचालन अरविन्द मिश्रा और राजेश श्रीवास ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार प्रदर्शन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रमोद सिंह ने किया।
