छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज मुख्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर सुरक्षा सैनिकों के मार्च-पास्ट की ली गई सलामी.
पॉवर कंपनी में लागू होगा ई-ऑफिस सिस्टम – डॉ. रोहित यादव
डिजिटल हस्ताक्षर से होगा फाइलों का अनुमोदन
रायपुर. 15 अगस्त 2025 : छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज में अब पारंपरिक फाइल सिस्टम की जगह डिजिटल ई-ऑफिस सिस्टम लागू होगा। अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अधिकारी अब किसी भी स्थान से कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से फाइलों का ऑनलाइन अनुमोदन कर सकेंगे, जिससे समय की बचत और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज में अब ई-ऑफिस सिस्टम लागू होगा। कार्यालय की सभी फाइलों का अनुमोदन अधिकारी कंप्यूटर या लैपटॉप पर आनलाइन कर सकेंगे। इसकी घोषणा पॉवर कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में की। उन्होंने डंगनिया स्थित मुख्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया और सुरक्षा सैनिकों के मार्च-पास्ट की सलामी ली।

डंगनिया स्थित पॉवर कंपनी मुख्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष डॉ. यादव ने कहा कि राज्य शासन ने मंत्रालय में ऑनलाइन फाइल अनुमोदित करने का सिस्टम बनाया है। यह बहुत सरल, प्रभावी और आसान है। इसे अब पॉवर कंपनी के सभी विभागों में भी अपनाया जाएगा। अधिकारी कहीं भी हों, फाइलों को अपने कंप्यूटर या लैपटॉप से निराकृत कर सकेंगे। इसमें समय या फिर भौतिक रूप से मोटी-मोटी फाइल लाने ले जाने की झंझट नहीं रहेगी।
डॉ.यादव ने कहा कि पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी जल्द ही पुरानी सामग्रियों व दस्तावेजों के निस्तारण के लिए मेनुअल बनाएगा, ताकि हम उन्हें डिजिटल करके सुरक्षित रखे और हम अपने ऑफिस को स्वच्छ और सुंदर बना सकें। सभी दफ्तरों में पुराने अनावश्यक दस्तावेज और कबाड़ के ढेर लगे रहे हैं, इनका निराकरण 2 अक्टूबर के पहले करना है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार विशेष प्रयास कर रही है। सरकार की मंशा है कि उपभोक्ता सस्ती बिजली योजना केलिए किसी शासकीय योजना पर आश्रित न रहें, बल्कि अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाकर स्वयं बिजली उत्पादक बने।
उन्होंने पॉवर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों को अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने का आह्वान किया। छह लाख सोलर प्लांट लगाने के लिए राज्य शासन स्वयं 18 हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी दे रही है।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशकगण श्री एसके कटियार, श्री राजेश कुमार शुक्ला, श्री भीम सिंह कंवर, निदेशक श्री आरए पाठक, मुख्य अभियंता (मा.सं.) श्री एएम परियल एवं मुख्य सुरक्षाअधिकारी विंग कमांडर श्री ए श्रीनिवास राव विशेष रूप से उपस्थित थे। सतर्कता एवं सुरक्षा विभाग के सुरक्षा निरीक्षक प्रभुशरण सिंह एवं बैन्ड दल के ताराचंद बेन के नेतृत्व में परेड की प्रस्तुति दी गई। समारोह का संचालन अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री उमेश कुमार मिश्र ने किया।
