कुनकुरी-रायपुर, 23 अगस्त 2025 – अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन के अवसर पर आज नगर अध्यक्ष विनयशील ने उनके रायपुर स्थित निवास पर पहुंचकर मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विनयशील ने भूपेश बघेल को संविधान की किताब भेंट कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।
जन्मदिन की मुलाकात के दौरान विनयशील ने भूपेश बघेल की सक्रियता और मुस्कुराहट की सराहना की, खासकर उस समय जब उनके पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बावजूद वे पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं।
इसके बाद नगर अध्यक्ष विनयशील पूर्व मुख्यमंत्री के साथ राजधानी रायपुर में आयोजित तीजा पोरा महोत्सव में भी शामिल हुए। कार्यक्रम के मंच से संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने वर्तमान मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा –”कुनकुरी के मुख्यमंत्री भले ही छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहार छोड़कर विदेश घूमने निकल गए हों, लेकिन कुनकुरी का बेटा विनय अपनी संस्कृति नहीं भूला है। वह तीजा-पोरा जैसे लोक पर्व में शामिल होने रायपुर आया है।”
इस मौके पर विनयशील ने बताया कि उन्होंने फोन पर हुई विस्तृत बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री को VVIP जशपुर जिले की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। बातचीत में उन्होंने NH-43 की जर्जर हालत, छात्रावासों और स्कूलों की बदतर स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और पत्रकारों को मानहानि के नोटिस देकर डराने-धमकाने जैसी गंभीर समस्याओं पर चर्चा की।
विनयशील ने कहा कि जन्मदिन जैसी व्यस्त घड़ियों में भी भूपेश बघेल ने जशपुर की समस्याओं पर आधे घंटे तक गहन चर्चा की और समाधान की दिशा में गंभीरता दिखलाई।
