रेलवे का मेगा प्रोजेक्ट: 206 किमी लंबी चौथी लाइन का काम तेजी से पूरा, यात्रियों को समयबद्ध और सुरक्षित सफर का वादा

किरोड़ीमल नगर स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का कार्य तीव्र गति से जारी

बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण पहल

बिलासपुर, 26 अगस्त 2025 : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए अधोसंरचना विकास में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। क्षमता आवर्धन के कार्यों को तीव्र गति से क्रियान्वित किया जा रहा है, जिससे परिचालन की दक्षता बढ़ने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।

इसी क्रम में,बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की एक महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में प्रगति पर है। यह व्यस्त रेल मार्ग उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है, जहाँ ट्रेनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु नई लाइनों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

वर्तमान में 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है, जिसमें से 150 किलोमीटर से अधिक का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी क्रम में किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने हेतु प्री-एनआई एवं एनआई कार्य किया जा रहा है। इस दौरान स्टेशन यार्ड का मॉडिफिकेशन कार्य भी पूरा किया जा रहा है, जिससे यार्ड की संरचना को आधुनिक स्वरूप मिलेगा।

 इस महत्त्वपूर्ण कार्य के दौरान:

10 टर्नआउट हटाए गए एवं 10 नए टर्नआउट डाले जा रहे हैं।

लगभग 1500 मीटर रेलवे लाइन का डिस्मेंटल एवं निर्माण कार्य संपन्न किया जायेगा।

350 से अधिक श्रमिक, 30  इंजीनियर, 18 स्टेशन मास्टर, 04 मुख्य यातायात निरीक्षक भारी बारिश एवं उमस भरे मौसम में भी दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं।

 इस परियोजना से प्राप्त होने वाले प्रमुख लाभ:

👉 चौथी रेल लाइन के माध्यम से ट्रेनों की समयबद्धता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

👉 निर्बाध परिचालन सुनिश्चित होने से यात्रा अवधि में कमी आएगी और गति व दक्षता में वृद्धि होगी।

👉 किरोड़ीमल नगर यार्ड के मॉडिफिकेशन से ट्रेनों की गति एवं समयपालन में सुधार होगा।

👉 क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और परिवहन के नए अवसर सशक्त होंगे।

👉 बेहतर रेल संपर्क से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह प्रयास यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं परिचालन की दक्षता को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर न केवल रेल संचालन की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी, बल्कि यात्रियों को भी समयबद्ध, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

Related posts