फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश, मनोज साहू और लवकेश पांडे पुलिस की रडार पर.
एएसआई लक्ष्मी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय सफलता, गिरफ्तार दोनों महिलाओं को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.
रायगढ़ पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण पर सख्त कार्रवाई जारी, अवैध कारोबार पर पुलिस की निगाह.
रायगढ़. 26 अगस्त 2025 : रायगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस चौकी जोबी की टीम ने ग्राम कुर्रु में दबिश देकर 64 किलो 360 ग्राम गांजा बरामद किया और दो महिला आरोपी अनीता बाई अगरिया व सरस्वती साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ओडिशा से गांजा लाकर यहां डंप किया जाता था और फिर ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश भेजा जाता था। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रायगढ़ पुलिस को शनिवार शाम एक बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस चौकी जोबी की टीम ने ग्राम कुर्रु में रहने वाली महिला अनीता बाई अगरिया के घर दबिश देकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। चौकी प्रभारी जोबी सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मी राठौर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपिया के घर से 62 पैकेट में रखा कुल 64 किलो 360 ग्राम गांजा जब्त हुआ।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर हुई इस रेड के दौरान जब आरोपिया से पूछताछ की गई तो उसने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम बताए, जिनमें रायगढ़ की सरस्वती साहू, उसका भाई मनोज उर्फ छोटू साहू तथा उत्तर प्रदेश का लवकेश पांडे सम्मिलित हैं। पूछताछ में आरोपिया ने खुलासा किया कि उड़ीसा से गांजा लाकर अनिता अगरिया के घर में डंप किया जाता है और फिर उसे ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश भेजा जाता है। अनीता बाई ने बताया कि उसके घर बरामद गांजा बीती रात सरस्वती का भाई मनोज और उसका साथी कार में लेकर आए थे।
इस सूचना पर तत्परता दिखाते हुए जोबी पुलिस ने रायगढ़ में दबिश दी और गिरोह की दूसरी सदस्य सरस्वती साहू को गिरफ्तार कर लिया। उससे मोबाइल जब्त किया गया है, जिसकी जांच में आरोपियों के बीच लगातार फोन पर संपर्क की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने अनीता अगरिया और सरस्वती साहू दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मनोज साहू, लवकेश पांडे और उसका साथी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
इस प्रकरण की कार्रवाई में पुलिस टीम में चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर के साथ आरक्षक घनश्याम सिदार, आरक्षक इतवारी कंवर, आरक्षक अश्वनी सिदार, आरक्षक राजेश राठिया, आरक्षक राजेंद्र राठिया और महिला आरक्षक ऐमेरेसिंया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जोबी पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
आरोपियों का विवरण –
1. अनीता बाई अगरिया पिता बिहानू उम्र 30 वर्ष निवासी कुरू चौकी जोबी थाना खरसिया जिला रायगढ़ (छ.ग.),
2. सरस्वती साहू पति संदीप साहू उम्र 31 वर्ष निवासी ग्रीन सिटी कॉलोनी बोईरदादर रायगढ़,
3. लवलेश पाण्डेय निवासी उत्तर प्रदेश (फरार),
4. मनोज उर्फ छोटू साहू निवासी रायगढ (फरार),
5. मनोज साहू का साथी (फरार),
बरामद संपत्ति –
(1) कुल 62 पैकेट गांजा जुमला वजनी करीब 64 किलो 360 ग्राम जुमला करीब कीमत 6,40,000/- रूपये.
(2) आरोपिया अनिता का एक नग विवो कंपनी का स्क्रीन-टच मोबाईल कीमत 15000/- रूपये.
(3) आरोपिया सरस्वती साहू का एक नग रियल-मी कंपनी का स्क्रीन-टच मोबाईल कीमत 15000/- जुमला कीमत – 6,70,000/- रूपये.
