कुनकुरी नगर पंचायत की परिषद बैठक सम्पन्न : 5 करोड़ की विकास योजनाएँ पारित, 200 करोड़ के सिटी डेवलपमेंट प्लान को स्वीकृति

वार्डवार विकास की सौगात हर वार्ड को मिलेगा 30-35 लाख- नगर का बदलेगा चेहरा

कुनकुरी, 30 अगस्त 2025 नगर पंचायत कुनकुरी की परिषद की बहुप्रतीक्षित बैठक शुक्रवार को परिषद अध्यक्ष विनयशील की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा सहित सभी पार्षदगण—नील कुमारी, शीतल बजाज, अनिता गुप्ता, सावित्री चौहान, अजीत किस्पोट्टा, राजेश ताम्रकार, मुक्ति मिंज, इमरान ख़ान, रुकसाना बानो, गुलाबी पैंकरा, अमित मिश्रा, रोहित सिंह, मुकेश नायक—पूरी तत्परता के साथ शामिल हुए। वहीं प्रशासनिक स्तर पर सीएमओ राजेन्द्र पात्रे, निर्माण साखा इंजीनियर इंदीवर दुबे, लेखपाल विकास क्षत्री, एआरआई नीलम टोप्पो, कैशियर माधुरी किस्पोट्टा, पेंशन साखा अधिकारी अशोक बघेल तथा स्वच्छता व आवास विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की घोषणा पर कार्य योजना तैयार

बैठक का प्रमुख विषय रहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा हाल ही में कुनकुरी नगर पंचायत को अधोसंरचना मद अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की विकास राशि की घोषणा। परिषद ने इस राशि का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कार्यों की सूची तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि इन योजनाओं से नगर के प्रत्येक वार्ड में 30 से 35 लाख रुपये तक के विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे सभी वार्डों को समान लाभ मिलेगा।

200 करोड़ का सिटी डेवलपमेंट प्लान

बैठक में सबसे बड़ा निर्णय रहा 200 करोड़ रुपये के कुनकुरी सिटी डेवलपमेंट प्लान (सीडीपी) का अनुमोदन। इस योजना में नागरिकों और पार्षदों की मांगों के आधार पर कुल 596 कार्य शामिल किए गए हैं। परिषद ने सर्वसम्मति से इस महत्वाकांक्षी योजना को पारित किया, जिसे नगर के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

अधूरे कार्यों को मिलेगी समय वृद्धि

बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में अधूरे पड़े बीटी टॉपिंग कार्यों को पेनाल्टी रहित समय वृद्धि देने का भी निर्णय लिया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 03 और 04 में होलीक्रॉस चौक से पशु चिकित्सालय मार्ग, वार्ड क्रमांक 07 में डुगडुगिया चौक से बैगा बस्ती से मुकुंद ढाबा मार्ग, वार्ड क्रमांक 01 और 05 में पोस्ट ऑफिस चौक से जम्बू जैन घर, फिरोज खान से राजकुमार दुकान मार्ग, तथा वार्ड क्रमांक 12 और 15 में तपकरा रोड से महिमा स्कूल मार्ग शामिल हैं।

आधुनिक शहरी सुविधाओं पर जोर

परिषद बैठक में लिए गए निर्णयों से यह स्पष्ट हुआ कि नगर अब आधुनिक शहरी ढांचे की ओर अग्रसर है। बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल हैं:

  • हनुमान टेकरी से बन्दराखसरा नाला तक गौरव पथ का निर्माण
  • सलियाटोली स्थित इनडोर जिम का स्थल परिवर्तन कर विकास कार्य को गति देना
  • सीएमओ एवं इंजीनियर क्वार्टर हेतु उचित स्थल चयन
  • पुराने पंचायत भवन के दोनों ओर स्थित जर्जर मकानों को ध्वस्त करना
  • नगर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करना
  • श्रमिकों के लिए लेबर क्लब और महिलाओं के लिए वुमेन्स क्लब निर्माण
  • युवाओं के लिए फ्री वाई-फाई जोन की स्थापना
  • दो बैक-हो-लोडर मशीन की खरीदी, ताकि नगर में सफाई व अन्य कार्यों को सुचारू रूप से सम्पन्न किया जा सके।
  • राशन दुकान हेतु तीन नये डीलर नियुक्त करना
  • विज्ञापन नीति एवं दर निर्धारण के साथ-साथ निकाय करों व शुल्कों का पुनर्निर्धारण

सत्ता पक्ष और विपक्ष की सहमति

कुनकुरी नगर पंचायत की इस बैठक की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि लगभग सभी प्रस्तावों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने सहमति जताई। परिषद ने बिना किसी मतभेद के पूर्ण बहुमत से सभी प्रस्तावों को पारित कर दिया। यह नगर विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत है।

पत्रकारों की मौजूदगी ने बढ़ाई पारदर्शिता

नगरपालिका अधिनियम की धारा 60 के अनुसार बैठक में पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था। सागर जोशी, संतोष चौधरी और दीपक वर्मा बैठक में मौजूद रहे और कार्यवाही के गवाह बने। इससे परिषद की पारदर्शिता और जवाबदेही भी सामने आई।

नगरवासियों में उम्मीदें

बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों से नगरवासियों में विकास की नई उम्मीदें जागी हैं। 5 करोड़ रुपये की तात्कालिक विकास योजनाएँ जहाँ नगर के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करेंगी, वहीं 200 करोड़ रुपये का सिटी डेवलपमेंट प्लान कुनकुरी को साफ-सुथरा, आधुनिक और स्मार्ट नगर बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगा। परिषद के फैसलों से यह संदेश स्पष्ट हुआ है कि आने वाले समय में कुनकुरी का चेहरा बदलना तय है।

Related posts