जशपुर SSP की अपील: सांस्कृतिक, राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम से पहले प्रशासन को दें सूचना – सुरक्षा व्यवस्था होगी पुख्ता

जशपुर, 03 सितंबर 2025 : जशपुर जिले में गणेश विसर्जन के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई भी सांस्कृतिक, राजनीतिक या सामाजिक धरना, प्रदर्शन, रैली अथवा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, तो उसकी पूर्व सूचना प्रशासन को दी जानी चाहिए।

SSP ने स्पष्ट किया कि पूर्व सूचना मिलने पर ही आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जा सकती है और उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सकती है।

उन्होंने बताया कि कल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना का एक मुख्य कारण यह भी रहा कि गणेश विसर्जन के साथ निकाले गए डीजे एवं जुलूस की जानकारी पुलिस एवं जिला प्रशासन को पहले से नहीं दी गई थी। यही वजह रही कि सुरक्षा बलों की व्यवस्था समय रहते नहीं हो पाई और इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए तथा 3 लोगों की मृत्यु हो गई।

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करता है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से पुनः आग्रह किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार का जुलूस, रैली या कार्यक्रम आयोजित करने से पहले प्रशासन को अवश्य सूचित करें।

उन्होंने कहा, पूर्व सूचना मिलने पर ही पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था की जा सकती है और इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकता है।”

Related posts