ट्रेन से फरार खूनी क़ैदी गिरफ्तार! RPF ने गीतांजली एक्सप्रेस से चेरापल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस तक आरोपी का पीछा कर दुर्ग स्टेशन पर पकड़ा

बिलासपुर, 07 सितम्बर 2025 : आज दिनांक 07 सितम्बर 2025 को प्रातः 07:13 बजे श्रीमती श्वेता सिन्हा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेल, रायपुर द्वारा श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर को मोबाइल के माध्यम से सूचित किया गया कि हत्या का एक आरोपी व्यक्ति ट्रेन संख्‍या 12860 हावड़ा-मुंबई गीतांजली एक्सप्रेस से रायपुर से भागकर पश्चिम दिशा की ओर जा रहा है ।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री आर्य द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया प्रभारी के नेतृत्व में मंडल टास्क टीम तथा अपराध गुप्तचर शाखा गोंदिया की संयुक्त टीम को ट्रेन संख्‍या 12860 गीतांजली एक्सप्रेस की तत्काल जांच हेतु आदेशित किया गया ।

गीतांजली एक्सप्रेस के गोंदिया स्टेशन आगमन पर की गई जांच में पता चला कि संदिग्ध आरोपी गोंदिया स्टेशन पर उतर चुका है। तत्पश्चात आरोपी की पहचान हेतु प्राप्त फ़ोटो के आधार पर उपनिरीक्षक दीपक कुमार, महिला आरक्षक ज्योति बाला व महिला आरक्षक जया (पोस्ट गोंदिया) द्वारा सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया ।

फुटेज में आरोपी को ट्रेन संख्‍या 07051 चेरापल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस के सामने वाले एसएलआर कोच में चढ़ते हुए देखा गया, जो दुर्ग की दिशा में जा रही थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक आर.सी. कटारे व आरक्षक वी.के. कुशवाहा को संबंधित ट्रेन में सवार कर डोंगरगढ़ एवं राजनांदगांव पोस्ट को अलर्ट किया गया। साथ ही वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रायपुर श्री रमन कुमार तथा पोस्ट प्रभारी दुर्ग को सूचित किया गया ।

गाड़ी के दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल टास्क टीम, नागपुर; आरपीएफ दुर्ग; रायपुर मंडल तथा शासकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया । पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करण पोर्ते उर्फ करन, पिता कार्तिक पोर्ते, उम्र 26 वर्ष, निवासी मंदिर हसौद, जिला रायपुर बताया ।

आरोपी के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 98/2021, धारा 302, 307 भा.दं.सं. के अंतर्गत मामला दर्ज है ।

आरोपी ने बताया कि वह 06.09.2025 को इलाज के लिए जेल से AIIMS रायपुर लाया गया था, जहाँ से जेल प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गया ।

गिरफ्तारी की सूचना मंदिर हसौद थाना प्रभारी को दी गई तथा फोटो भेजने पर आरोपी की शिनाख्त की पुष्टि की गई। तत्पश्चात आरोपी को संबंधित थाना पुलिस को विधिवत सुपुर्द किया गया ।

इस उल्लेखनीय कार्य में निम्नलिखित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा:

•               श्री एन.पी. पांडे, प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट गोंदिया

•               प्रधान आरक्षक एम.के. चौबे

•               प्रधान आरक्षक सुभाष तोंबरे

•               निरीक्षक समीर खलको (सीआईबी)

•               उप निरीक्षक के.के. दुबे

•               सहायक उप निरीक्षक के.के. निकोडे (मंडल टास्क टीम)

•               आरक्षक वी.के. कुशवाहा

रेलवे सुरक्षा बल के इन सभी सदस्यों द्वारा की गई त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई अत्यंत सराहनीय है, जिससे एक गंभीर अपराधी की गिरफ्तारी संभव हो सकी ।

Related posts