नाबालिग विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 331(3),305(क) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
आरोपी 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से पुलिस ने चोरी के कपड़े, आधार कार्ड व 300/- रुपये को भी किया जप्त.
जशपुर. 09 सितंबर 2025 : जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक छात्र के किराए के घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लेकर उसके पास से चोरी के कपड़े, आधार कार्ड और नकदी 300 रुपये बरामद किए। आरोपी नाबालिग ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
दिनांक 07 सितंबर 2025 को प्रांजल ठाकुर उम्र 21 वर्ष, निवासी ब्रह्म रोड अंबिकापुर, वर्तमान निवास डुगडुगीया कुनकुरी, में किराए के मकान में रहकर बीएससी, हार्टिकल्चर की पढ़ाई करता है, के द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि वह घटना दिनांक 07 सितंबर 2025 को प्रातः 04.00 बजे, प्रतिदिन की भांति मॉर्निंग वॉक/दौड़ने, अपने किराए के घर को ताला बंद कर, पंडरीपानी, पहाड़मुड़ा रोड में निकाला था। जो कि दौड़कर वापस आने पर देखा कि उसके किराए के मकान का ताला टूटा हुआ था व कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था, साथ ही कमरे के अंदर उसके बैग से शर्ट, पैंट तथा पैंट में रखा पर्स, जिसमें कि प्रार्थी का एक हजार रुपये व आधार कार्ड था, उसे भी किसी के द्वारा चुरा लिया गया था।
रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में अज्ञात चोर के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(3),305(क) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा उक्त कृत्य को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पता साजी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था, साथ ही चोरी के कपड़े के संबंध में भी मुखबिरों को अवगत कराया गया था और पुलिस लगातार संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से पता चला कि डुगडुगिया निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग बालक पुलिस द्वारा बताए अनुसार चोरी के कपड़े जैसा शर्ट पहन कर घूम रहा है। जिस पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल संदिग्ध नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नाबालिग बालक के द्वारा अपना कृत्य स्वीकार करते हुए बताया गया कि उक्त घटना दिनांक को सुबह जब वह टहल रहा था, तो देखा कि एक किराए के घर से एक व्यक्ति, अपने घर को ताला बंद कर दौड़ने के लिए निकल रहा था। इसी दौरान सुनसान स्थिति देखकर उसके द्वारा घेरा कूदकर, उक्त किराए के कमरे का ताला तोड़कर, घर में चोरी की गई थी। पुलिस के द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी के कपड़े, आधार कार्ड सहित 300/- रुपये को बरामद कर लिया गया, चोरी की शेष रकम 700/- रुपये को, विधि से संघर्षरत बालक के द्वारा खर्च करना बताया गया है।
पूछताछ में विधि से संघर्षरत बालक के द्वारा अपना कृत्य स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसके विरूद्ध विधिवत कार्यवाही कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक नन्द लाल यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता व आरक्षक नितिन पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रायः देखने में आ रहा है, नाबालिगों के द्वारा गलत शोहबत में पढ़कर अपनी इच्छाओं की पूर्ति हेतु चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। कुनकुरी क्षेत्र में चोरी के मामले में एक नाबालिग बालक को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
