महिला से इंजेक्शन और रकम बरामद.
आरोपी रुकसार सारथी पति यशवंत सारथी उम्र 24 वर्ष निवासी जोगीडीपा रायगढ़ के विरूद्ध अपराध क्रमांक 472/2025 धारा 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत मामला दर्ज.
रायगढ़. 16 सितंबर 2025 : रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जोगीडीपा क्षेत्र में कोतवाली पुलिस ने 24 वर्षीय महिला रुकसार सारथी को नशीली इंजेक्शन बेचते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके घर से पेंटाजोसिन इंजेक्शन के छह नग और नकदी बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस नशे के इस रैकेट के भंडाफोड़ में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर कोतवाली पुलिस ने 15 सितंबर की रात नशीली इंजेक्शन की अवैध बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से नशीली इंजेक्शन पेंटाजोसिन के छह नग और बिक्री की रकम जब्त की है। कोतवाली पुलिस नशे के इस रैकेट के भंडाफोड़ करने में लगी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी कोतवाली सुखनंदन पटेल को मुखबीर से सूचना मिली थी कि जोगीडीपा पुलिया के पास रहने वाली रुकसार सारथी नामक महिला अपने घर में नशीली इंजेक्शन बुट्रम रखकर बेच रही है। मौके पर इंजेक्शन खरीदने आने-जाने वाले युवकों की हलचल भी देखी गई थी। टीआई द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए कोतवाली की टीम ने महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से सफेद कागज में लिपटा हुआ नशीली इंजेक्शन पेंटाजोसिन के छह नग, जिसकी कीमत लगभग 1200/- रुपये और बिक्री की रकम 600/- रुपये जब्त की गई। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे यह इंजेक्शन इंदिरा नगर रायगढ़ का एक व्यक्ति सौ रुपये प्रति नग की दर पर घर पर पहुंचा कर देता है, जिसे वह दो सौ रुपये में बेचती है।
पुलिस ने बिना लाइसेंस अवैध रूप से नशीली इंजेक्शन बेचने वाली आरोपी रुकसार सारथी पति यशवंत सारथी उम्र 24 वर्ष निवासी जोगीडीपा रायगढ़ के विरूद्ध अपराध क्रमांक 472/2025 धारा 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इस प्रकरण की कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक कोसो सिंह जगत, आरक्षक मनोज पटनायक, आरक्षक रोशन एक्का और महिला आरक्षक प्रतीक्षा मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
