मोबाइल से ई-चालान : अवैध पार्किंग वालों के लिए चेतावनी, रायगढ़ में अब मोबाइल से कटेगा ई-चालान, आईटीएमएस से होगा ट्रैफिक का नियंत्रण, आमजन भी बन सकते हैं पुलिस के सहयोगी.

रायगढ़, 23 सितंबर 2025 : रायगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और अव्यवस्थित पार्किंग जैसी यातायात समस्याओं को कम करने के लिए आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) लागू किया गया है। अब आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से अवैध पार्किंग की शिकायत दर्ज करा सकेंगे और वाहन स्वामी के खिलाफ ई-चालान जनरेट कराया जाएगा। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में अब महानगरों की तर्ज पर आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) लागू किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उपयोग आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कर सकेंगे।

आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने जानकारी दी कि रायगढ़ में अक्सर वाहन चालकों द्वारा सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग करने से जाम की स्थिति बन जाती है। यदि आमजन भी यातायात व्यवस्था में सहयोग करें तो यातायात और बेहतर होगा। इसी सोच के अंतर्गत आईटीएमएस की शुरुआत की जा रही है, जो फिलहाल अवैध पार्किंग की शिकायतों पर कार्य करेगी। इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। नागरिकों से अपील है कि जब भी कहीं गलत पार्किंग दिखाई दे, जिससे ट्रैफिक बाधित हो रहा हो, तो 10–15 सेकंड का वीडियो बनाकर एम-परिवहन ऐप में अपलोड करें। यह सूचना सीधे यातायात पुलिस रायगढ़ तक पहुंचेगी और सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापन के बाद वास्तविक पाए जाने पर वाहन स्वामी के खिलाफ ई-चालान जनरेट होगा।

Related posts