कोडीन सिरप और स्पास्मो टेबलेट सहित 1 लाख से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त.
रायगढ़. 30 सितंबर 2025 : तमनार पुलिस ने नशीली दवाओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अशोक बेहरा, ललित गुप्ता और सुशील राठिया को कोडीन युक्त सिरप और स्पास्मो टेबलेट सहित कुल 1,05,639/- रुपए मूल्य की सामग्री के साथ पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल और साइबर सेल डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा के दिशा-निर्देश में हुई इस कार्रवाई में आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 सी के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
नशीली दवाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 29 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल और साइबर सेल डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा के दिशा-निर्देश में तमनार पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कोडीन युक्त सिरप और अन्य नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पेलमा-लैलूंगा की ओर से तीन व्यक्ति कोडीन युक्त सिरप अवैध बिक्री के लिए मोटरसाइकिल क्रमांक सीवीजी 13 बीबी 3242 में परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में टीम गठित कर पेलमा और मिलुपारा की ओर रवाना हुई। हिंझर तिराहा के पास संदिग्ध प्लैटिना मोटर साइकिल को रोक कर पूछताछ की गई, जिसमें तीनों ने अपना नाम अशोक बेहरा, ललित गुप्ता और सुशील राठिया बताया।
आरोपियों के कब्जे से कुल 25 नग कोरेक्स सिरप 100ml (कीमत 5375/- रुपए), 8 नग टेबलेट स्पास्मो (कीमत 264/-रुपए), एक मोबाइल फोन (वीवो, 10,000/- रुपए) और मोटर साइकिल (90,000/- रुपए) बरामद किया गया। कुल बरामद सामग्री की कीमत लगभग 1,05,639/- रुपए है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि कोडिंग युक्त सिरप को एक सीसी के हिसाब से 500/- रुपए में बेचकर मुनाफा कमाया जाता था।
आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 सी के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस प्रकरण की कार्रवाई में निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के सक्रिय नेतृत्व के साथ प्रधान आरक्षक विपिन पटेल, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, आरक्षक शशिभूषण उरांव, आरक्षक अमरदीप एक्का और आरक्षक डोलनारायण सिदार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तमनार पुलिस की इस तरह की नशीली दवाओं की सप्लाई रोकने पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी –
1. अशोक बेहरा पिता रोहित बेहरा 40 वर्ष निवासी आमगांव धौंराभांठा.
2. ललित गुप्ता पिता ऋषिकेतन गुप्ता 43 साल निवासी खर्रा मिलुपारा,
3. सुशील राठिया पिता चंदन राठिया 32 साल निवासी पेलमा.
