पुलिस की बड़ी सफलता : रातोंरात 50 लाख का ट्रेलर चुराने वाले चढ़े कोतरारोड़ पुलिस के हत्थे, रांची में बेचने की साजिश नाकाम, जिंदल पार्किंग से ट्रेलर चोरी कर भागे चोर हुए गिरफ्तार.

कोतरारोड़ पुलिस ने जिंदल पार्किंग से चोरी हुए ट्रेलर वाहन की बरामदगी कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 लाख रूपये की संपत्ति बरामद की है। प्रार्थी अश्वनी कुमार मिश्रा ने 29 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी ट्रेलर गाड़ी क्रमांक एनएल-01-अग-6465, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये है, 26 सितंबर की रात को चिराईपानी पार्किंग से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 402/2025 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में जांच में लगी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 1 अक्टूबर को पतरापाली जिंदल पार्किंग के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सफीक खान निवासी दरंगखार, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) और एक किशोर के रूप में हुई। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पार्किंग में रेकी कर खुले गेट और चाबी लगे ट्रेलर को चोरी किया और उसे रांची ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी। 26 सितंबर को वाहन चोरी कर झारखंड लेकर जा रहे थे, जिसे रांची में बेचने का प्लान था, लेकिन रास्ते में लैलूंगा के पास वाहन गड्ढे में फंस जाने से वे उसे छोड़ कर बस से वापस रायगढ़ लौट आए थे।

आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने चोरी हुआ ट्रेलर बरामद कर लिया। प्रकरण में एक से अधिक आरोपी पाए जाने पर धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपी सफीक खान को न्यायालय में पेश किया गया, वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया।

Related posts