58 लीटर अवैध महुआ शराब की बरामदगी के साथ सभी आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्यवाही.
रायगढ़. 05 अक्टूबर 2025 : रायगढ़ जिले की चक्रधरनगर पुलिस ने रविवार सुबह गोपालपुर और कोरियादादर इलाके में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 58 लीटर अवैध महुआ शराब, नकदी और शराब बनाने का उपकरण जब्त किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर पुलिस ने रविवार को सुबह गोपालपुर और कोरियादादर इलाके में अवैध शराब कारोबार के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग लुक-छिपकर महुआ शराब बना रहे हैं और बिक्री कर रहे हैं। इस पर चक्रधरनगर पुलिस टीम एसआई गेंदलाल साहू के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए अलग-अलग पांच स्थानों से तीन महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी कन्हैया यादव (43 वर्ष) से 10 लीटर महुआ शराब कीमत 2000/- रुपये, संतोष रात्रे (42 वर्ष) से 10 लीटर महुआ शराब कीमत 2000/- रुपये, सुकमत जाटवर (60 वर्ष) से 14 लीटर शराब और बिक्री रकम 150/- रुपये, नोनीबाई उरांव (55 वर्ष) से 14 लीटर शराब और 500/- रुपये नकद तथा गणेशी उरांव (40 वर्ष) से 10 लीटर शराब, बिक्री रकम 300/- रुपये और शराब बनाने का जर्मन पात्र जब्त किया गया। कुल 58 लीटर अवैध महुआ शराब की बरामदगी के साथ सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
इस प्रकरण की कार्रवाई में उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक संतोष कुर्रे, प्रधान आरक्षक महेंद्र कर्ष, महिला प्रधान आरक्षक समुद रनकर, आरक्षक चंद्रकुमार बंजारे, आरक्षक श्वेत बारिक, महिला आरक्षक दोरोथिया किंडो और महिला आरक्षक माधुरी राठिया की सक्रिय भूमिका रही। जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
