बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2025। दुर्गा विसर्जन के अवसर पर जहाँ पूरा क्षेत्र उत्सव और श्रद्धा के माहौल में डूबा था, वहीं मस्तुरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया। मस्तुरी पुलिस की तत्परता और सतर्कता से इस असामाजिक तत्व को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना 5 अक्टूबर 2025 की शाम की है, जब मस्तुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मस्तुरी के जोन्धरा चौक के पास दुर्गा विसर्जन के दौरान एक व्यक्ति स्टील का बटनदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम विकास त्रिपाठी उर्फ पप्पू, पिता केदारनाथ, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम मस्तुरी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर है। आरोपी के पास से एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया गया, जिसे गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्त किया गया। आरोपी के इस कृत्य को गंभीर मानते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 665/2025, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी को 5 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर 6 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस आपराधिक कृत्य से दुर्गा विसर्जन के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से एक संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीशचंद्र टांडेकर, उपनिरीक्षक सुजान जगत, प्रधान आरक्षक विजयदीप त्रिपाठी, आरक्षक रेशम टंडन और मेहत्तर कश्यप की विशेष भूमिका रही। मस्तुरी पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
