पीड़ित युवती की रिपोर्ट पर आरोपी अमन लकड़ा, उम्र 22 वर्ष के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 64 (2)m के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध, मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत का.
जशपुर : जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने युवती को प्रेम और शादी का झांसा देकर लगातार अनाचार किया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अमन लकड़ा (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जशपुर पुलिस महिला अपराधों के प्रति बेहद संवेदनशील है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक 20 वर्षीय पीड़ित युवती ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कॉलेज में बीए की छात्रा है व वर्तमान में कंप्यूटर का कोर्स भी कर रही है। दिनांक 04 जून 2024 में वह पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत अपने ही गाँव में अपनी रिश्ते की दीदी की शादी में आई हुई थी, इसी दौरान उसका आरोपी अमन लकड़ा, जो कि पीड़ित प्रार्थिया के गांव का ही रहने वाला है, के साथ थोड़ी बहुत, बातचीत होने लगी। बातचीत के दौरान ही आरोपी अमन लकड़ा के द्वारा पीड़ित प्रार्थिया को बोला गया कि वह उसे पसंद करता है व शादी करना चाहता है। जिस पर पीड़ित प्रार्थिया आरोपी अमन लकड़ा के झांसे में आ गई। उसी दिनांक को ही आरोपी अमन लकड़ा के द्वारा प्रार्थिया के साथ शादी का झांसा देकर जबरन अनाचार किया गया, तब से लेकर दिनांक 14 सितंबर 2025 तक आरोपी अमन के द्वारा समय-समय पर प्रार्थिया के साथ शादी का झांसा देकर अनाचार किया जाता रहा है। प्रार्थिया के द्वारा अब शादी हेतु कहने पर शादी करने से मना कर रहा है।
चूंकि मामला महिला संबंधित अपराध से संबंधित होने पर पुलिस के द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाने में आरोपी अमन लकड़ा के विरुद्ध, बीएनएस की धारा 64 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
विवेचन के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर आरोपी अमन लकड़ा को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमन लकड़ा के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक खिरोवती बेहरा, आरक्षक पदुम वर्मा, आरक्षक कमलेश्वर वर्मा व आरक्षक आशीषन टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित अपराध को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, पत्थलगांव क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी अमन लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस प्रकार के अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
