10 हजार लोगों की भीड़, सांस्कृतिक झलक और परंपरा की गूंज — रौतिया समाज का “सोहराई करमा महोत्सव 2025” बनेगा ऐतिहासिक!
कुनकुरी/जशपुर : अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद् छत्तीसगढ़ प्रदेश शाखा के तत्वावधान में आगामी 19 अक्टूबर 2025 को ग्राम कंडोरा (गोकुला आमा बगीचा प्रांगण) में “महा सम्मेलन सोहराई करमा महोत्सव 2025” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में प्रदेश के साथ-साथ देशभर से समाजजनों के पहुंचने की संभावना है। समिति से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री लोशन साहू, भारत सरकार तथा जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
10 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना
कार्यक्रम में लगभग 10,000 समाजजनों की उपस्थिति का अनुमान लगाया गया है। आयोजन समिति के अनुसार, यह सम्मेलन समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा। सोहराई करमा महोत्सव का उद्देश्य समाज के बीच एकजुटता, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक विकास की भावना को मजबूत करना है।
इस संबंध में अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद्, छत्तीसगढ़ प्रांतीय शाखा की ओर से जशपुर कलेक्टर को पत्र भेजा गया है। पत्र में आयोजन की जानकारी देते हुए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता हेतु अनुरोध किया गया है। पत्र में जिला पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए अवगत कराया गया है।
सांस्कृतिक परंपरा और गौरव का पर्व बनेगा आयोजन
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग, महिलाएँ एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की परंपरा, नृत्य-गीत और इतिहास को प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के आत्म-सम्मान, एकता और प्रगति का प्रतीक होगा।
नेतृत्व और आभार
आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, मंत्रीगण और जिला प्रशासन का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया है तथा समाज के सभी सदस्यों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है।
