नाबालिग बालिका की रिपोर्ट पर थाना बगीचा में आरोपी समीर गयार उम्र 22 वर्ष के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2),74,75(2) व पॉस्को एक्ट की धारा 8 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध, मामला थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत का.
जशपुर : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर गयार (उम्र 22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर 2025 की शाम नाबालिग बालिका अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थी, तभी एक मारुति ईको गाड़ी में सवार तीन युवक पहुंचे, जिनमें आरोपी भी शामिल था। घर छोड़ने का बहाना बनाकर गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपी ने बालिका के साथ छेड़खानी और मारपीट की। प्रार्थिया के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। बालिका की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 74, 75(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं व बच्चों से जुड़े अपराधों पर पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति अपनाए हुए है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 15 वर्षीय नाबालिग बालिका ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 21 अक्टूबर 2025 की शाम को वह अपनी एक सहेली के साथ के घर से, करीबन सात बजे अपने घर के लिए पैदल लौट रही थी, कि तभी पीछे से एक मारुति इको गाड़ी में तीन युवक आए जो कि प्रार्थिया के ही पूर्व परिचित थे। उनके द्वारा बालिकाओं को गाड़ी में बैठा कर घर छोड़ देने की बात कहने पर, प्रार्थिया अपनी सहेली के साथ उनकी गाड़ी में बैठ गई। कुछ दूर चलने पर प्रार्थिया के द्वारा गाड़ी में अच्छा नहीं लगने से प्रार्थिया रास्ते में गाड़ी से उतर गई, उसको उतरता देख गाड़ी में सवार युवकों में से एक आरोपी समीर गयार भी गाड़ी से उतर गया। प्रार्थिया की सहेली जो गाड़ी में थी, उसको लेकर गाड़ी में सवार अन्य युवकों के द्वारा उसके घर छोड़ दिया गया और वे अपने अपने घर चले गए।
प्रार्थिया पैदल ही अपने घर की ओर जा रही थी, इसी दौरान आरोपी समीर गयार, प्रार्थिया का पीछा करते हुए, उसके साथ जबरदस्ती छेड़खानी का प्रयास करने लगा, जिस पर प्रार्थिया के द्वारा विरोध करने पर आरोपी समीर गयार के द्वारा पीड़ित प्रार्थिया से मारपीट की गई तथा धक्का दे कर, उसे जमीन में गिरा दिया, जिसके कारण प्रार्थिया के गले, होंठ और सर के पीछे हिस्से पर चोट आई है। प्रार्थिया के चिल्लाने पर आरोपी समीर गयार, वहां से भाग गया।
प्रार्थिया के द्वारा लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज करने पर, थाना बगीचा में आरोपी समीर गयार उम्र 22 वर्ष के विरुद्ध धारा 115(2),74,75(2) बीएनएस व 8 पॉस्को Act के अंतर्गत अपराध कायम कर, त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी समीर गयार उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग युवती ने अपने साथ हुई, छेड़-छाड़ व मारपीट के संबंध में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी, पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। जशपुर पुलिस महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित अपराध को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, अपराध में संलिप्त किसी को बख्शा नहीं जावेगा।
