अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 258/2025 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर प्रारंभ की गई थी विवेचना.
सूरजपुर : सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम सोनवाही निवासी सुरमिला राजवाड़े की हत्या के मामले में पुलिस ने गहन तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद आरोपी राहुल कुशवाहा को पकड़ा। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने महिला के साथ गलत करने का प्रयास किया और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त ऑटो वाहन भी जब्त किया है।
दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को ग्राम सोनवाही चौकी लटोरी निवासी हुकुमसाय राजवाड़े ने चौकी लटोरी में सूचना दिया था कि उसकी पत्नी सुरमिला राजवाड़े उम्र 37 वर्ष दिनांक 25 अक्टूबर 2025 को सब्जी बेचने अम्बिकापुर गई थी, जो हमेशा रात करीब 9-10 बजे अंबिकापुर से घर आती थी, किन्तु कल दिनांक 25 अक्टूबर 2025 को घर वापस नहीं आई थी। दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को सुबह छोटे पुत्र के द्वारा सुरमिला का शव सोनवाही चौक के पास गढ्ढे में होने की जानकारी देने पर अपने गांव के अन्य लोंगों के साथ जाकर देखा तो पत्नी का शव वहां पडा था। सूचना पर मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया गया। मृतिका का शॉर्ट पीएम रिपोर्ट डॉक्टर द्वारा मृतिका की मृत्यु हत्यात्मक प्रकृति का होना लेख किये जाने पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 258/2025 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द पकड़ने पुलिस टीम गठित कर लगाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना-स्थल ग्राम सोनवाही के आसपास, आने-जाने वाले मार्ग, चौक चौराहा के दुकानदारों से तथा प्रथम दृष्टया मृतिका महिला को एक ऑटो में सवार होकर अपने घर की ओर आने की सूचना प्राप्त होने पर ऑटो के हुलिया के आधार पर अम्बिकापुर, सूरजपुर, विश्रामपुर व स्थानीय स्तर पर सैकडों ऑटो चालकों से पूछताछ किया गया।
मृतिका महिला के घटना दिनांक को उपस्थिति की जानकारी के संबंध में लिंक जोडते हुये तकनीकी एवं मौजूद साक्ष्यों के आधार पर गहन विवेचना करते हुए संदेही ऑटो चालक राहुल कुशवाहा पिता अनिल उम्र 30 वर्ष मूल निवासी ग्राम रजबांध सलका थाना उदयपुर जिला सरगुजा, वर्तमान पता ग्राम गणेशपुर, थाना जयनगर को चिन्हाकिंत कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने जुर्म स्वीकार कर बताया कि दिनांक 25 अक्टूबर 2025 को अंबिकापुर से वापस ऑटो में आते समय मृतिका सुरमिला राजवाडे को बैठा कर लाना और रात करीब 10:30 बजे सोनवाही चौक में मृतिका के साथ गलत करने का प्रयास करने पर मृतिका द्वारा विरोध करते हुये उसकी करतुत को लोगों को बताने की धमकी देने पर गला दबा कर व मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आरोपी का ऑटो जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुंतल, चौकी प्रभारी लटोरी अरूण गुप्ता, सायबर सेल प्रभारी राकेश यादव, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, आरक्षक शोभनाथ कुशवाहा, आरक्षक अम्बिका मरावी, आरक्षक सुनील एक्का, आरक्षक संतोष जायसवाल, आरक्षक मनोज सिरदार, आरक्षक कुंदलाल राजवाडे, आरक्षक ललन सिंह, आरक्षक इन्द्रजीत सिंह व महिला आरक्षक मालती शोभा एक्का सक्रिय रहे हैं।
