58 लाख का गांजा ज़ब्त : घरघोड़ा पुलिस की घेराबंदी में फंसी तस्करी की बड़ी खेप ! रायगढ़ पुलिस ने ओडिशा कनेक्शन का किया खुलासा ! ढाई क्विंटल गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार कर भेजा गया  न्यायिक रिमांड पर.

रायगढ़ : रायगढ़ जिले में घरघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हुंडई कार से 257 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी संतोष दास (निवासी सरगुजा) को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 58 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में की गई, जिसमें साइबर सेल, पूंजीपथरा और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने महतपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कल देर शाम घरघोड़ा–लैलूंगा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस टीम ने एक हुंडई कार में गांजा तस्करी कर रहे युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संतोष दास पिता बुधराम दास उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम चीताबहार थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है।

कार की तलाशी लेने पर उसमें एक-एक किलो के 250 पैकेट गांजा कुल वजन 257.5 किलोग्राम बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त हुंडई कार (क्रमांक CG-29-AS-2077) जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है तथा एक वीवो मोबाइल फोन कीमत 10 हजार रुपये भी जब्त किया गया। आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को तस्करी नेटवर्क से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने सीमावर्ती उड़ीसा प्रांत से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह को उड़ीसा से कार में गांजा परिवहन की सूचना मुखबिर से मिली थी, जिसके बाद सूचना को साइबर सेल और थाना घरघोड़ा तथा पूंजीपथरा पुलिस के साथ साझा कर त्वरित कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू की टीम ने सतर्कता बरतते हुए मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

घरघोड़ा पुलिस द्वारा आरोपी संतोष दास को गिरफ्तार कर थाना अपराध क्रमांक 287/2025 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस द्वारा तस्करी की श्रृंखला से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

1. 250 पैकेट गांजा कुल वजन 257.5 किलोग्राम अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये,

2. तस्करी में प्रयुक्त हुंडई कार (क्रमांक CG-29-AS-2077) कीमत लगभग 8 लाख रुपये,

3. एक वीवो मोबाइल फोन कीमत 10 हजार रुपये,

कुल – 58,10,000/- रूपये.

Related posts