भक्ति, सौहार्द और आस्था का संगम बना कुनकुरी : शिव मंदिर प्रांगण से निकली विशाल निशान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, श्याम बाबा के जयकारों से गुंजायमान हुआ पूरा नगर

कुनकुरी : श्रीखाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कुनकुरी नगर में शनिवार को श्रद्धा, उल्लास और भक्ति से परिपूर्ण भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में भक्तिमय वातावरण में “श्याम बाबा की जय! श्याम बाबा की जय!” के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा।

यात्रा का शुभारंभ शिव मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों — जय स्तंभ चौक, खेल मैदान, कुनकुरी बस स्टैंड, टॉकीज़ चौक, पुरानी बस्ती से होते हुए पुनः शिव मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। इस दौरान नगरवासियों ने श्रद्धा पूर्वक जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्याम बाबा की अगवानी की। निशान यात्रा में नगर और आसपास क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु सम्मिलित हुए। पूरा नगर हर-हर श्याम, जय श्री श्याम के जयघोषों से गूंज उठा।

सायंकालीन भजन संध्या में झूमे भक्त

निशान यात्रा उपरांत सायं शिव मंदिर परिसर में श्याम बाबा दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात बाहर से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। “रंग देगा श्याम अब तो तेरे रंग में”, “सांवरिया तेरी याद सतावे” जैसे भजनों ने भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव कराया।

भक्ति, सौहार्द और एकता का प्रतीक आयोजन

कार्यक्रम में मुख्य रूप से आनंद अग्रवाल, श्याम सुंदर बंग, राजेश अग्रवाल, उमेश जिंदल, सुनील अग्रवाल, सत्य प्रकाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, तरुण यादव, मनोज हेडा की सक्रिय सहभागिता रही।
आयोजन में नगर की बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और श्रद्धालु सम्मिलित रहे। यह आयोजन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम, एकता और सौहार्द का अद्भुत संदेश लेकर आया।

श्रद्धा का उत्सव विश्वास का प्रतीक

कुनकुरी में आयोजित यह श्याम जन्मोत्सव निशान यात्रा न केवल नगर की धार्मिक भावना का प्रतीक बनी, बल्कि इसने समाज में भक्ति, शांति और सद्भाव का सशक्त संदेश दिया।
श्याम बाबा की भक्ति में लीन भक्तों का उत्साह यह दर्शाता है कि आस्था जब एकजुट होती है तो समाज में प्रेम और सामंजस्य की शक्ति स्वतः प्रस्फुटित होती है।

Related posts