रात में मजदूर से लूट की घटना का खुलासा : लूट के बाद नहीं बच पाए आरोपी ! घरघोड़ा पुलिस ने चंद घंटों में किया दो आरोपियों को गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल.

रायगढ़ : थाना घरघोड़ा पुलिस ने सड़क किनारे लूट की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद की है। आरोपियों की पहचान देवकुमार पैंकरा और हरेन्द्र पैंकरा, दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 12 नेगीपारा, घरघोड़ा के रूप में हुई है। घटना 2 नवंबर की रात हुई थी, जब मजदूरी कर लौट रहे ग्रामीण से ₹3200 की नकदी लूटी गई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घरघोड़ा पुलिस ने सड़क किनारे लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट 3 नवंबर 2025 को ग्राम कोगनारा निवासी दिलीप राठिया (उम्र 31 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया था कि 2 नवंबर की रात करीब 8:00 बजे वह अपने भतीजे भानु राठिया के साथ रोजी-मजदूरी का कार्य कर मोटर साइकिल (क्रमांक CG-13-BE-3078) से घर लौट रहा था। दर्रीडीपा खान दुकान के पास नेगीपारा निवासी देवकुमार पैंकरा और हरेन्द्र पैंकरा रास्ता रोककर खडे हो गए। मोटर साइकिल रुकने पर दोनों आरोपियों ने प्रार्थी की शर्ट की जेब से 3200/- रुपए नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 290/2025 धारा 126(2), 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी और संदेही देवकुमार पैंकरा (पिता धोबा पैंकरा, उम्र 20 वर्ष) एवं हरेन्द्र पैंकरा (पिता संजय पैंकरा, उम्र 20 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 12 नेगीपारा, घरघोड़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना करना स्वीकार किया, जिनके बयान पर आरोपी देवकुमार पैंकरा से 1400/- रुपए की लूट रकम बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related posts