पूरना नगर के तुरीटोंगरी में मिली अधजली लाश के मामले में, पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल.
मामले में दो आरोपी थे फरार, आखिर आए पुलिस की गिरफ्त में, मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत का.
एक अन्य मामले में तीन लोगों ने ग्राम तेतरटोली, जशपुर में एक पिक-अप मालिक से किया था लूट का प्रयास, पुलिस ने त्वरित कार्यवाही कर किया गिरफ्तार, भेजा जेल.
हत्या के मामले गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 103(1), 238(क), 61(2) व लूट के मामले में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 127(1),309(4),298,351(2) व 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी –
1. शीतल मिंज, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सीटोंगा थाना सिटी कोतवाली जशपुर (छ.ग.).
2. जीतू राम उम्र 32 वर्ष, निवासी बेंदरभद्रा , थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छ.ग.).
लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी –
आवेश भगत उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम तेतरटोली जशपुर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिला जशपुर (छ.ग.).
जशपुर : जशपुर पुलिस ने हत्या और लूट के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरना नगर तुरीटोंगरी में अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, अब दो फरार आरोपी शीतल मिंज और जीतू राम को भी पकड़ लिया गया है। वहीं, ग्राम तेतरटोली में लूट की कोशिश करने वाले आरोपी आवेश भगत को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ज्ञातव्य है कि जशपुर पुलिस के द्वारा कुछ दिनों पूर्व, पुरना नगर तुरी टोंगरी में मिली, अधजली लाश के सम्बन्ध, में हत्या का खुलासा करते हुए मामले से जुड़े, एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। मामले में दो आरोपी फरार थे, जिसे कि जशपुर पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार फरार आरोपियों का नाम क्रमशः 1. शीतल मिंज, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सीटोंगा थाना सिटी कोतवाली जशपुर (छ.ग.), 2. जीतू राम उम्र 32 वर्ष, निवासी बेंदरभद्रा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर (छ.ग.) है, जो कि घटना के बाद से फरार थे, जिन्हें पुलिस के द्वारा ट्रेस करते हुए कुनकुरी से हिरासत में लेकर, उनके द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस के द्वारा थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत तेतरटोली जशपुर में हुई एक लूट के मामले में एक आरोपी को पकड़ने में भी सफलता प्राप्त हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 नवंबर 2025 को प्रार्थी विनय यादव, उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम खैरा पाठ, थाना सन्ना के द्वारा थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि उक्त दिनांक को वह अपने पिक-अप वाहन में, अपने ग्राम से सब्जी लोड कर, जशपुर आया था व सब्जी खाली कर रात्रि करीबन 09:00 बजे अपने, रिश्तेदार के यहां खाना खाने के लिए, तेतरटोली जशपुर जा रहा था। जहां रास्ते में नेहा किराने की दुकान से मिठाई खरीदकर वापस अपने पिक-अप वाहन में लौट रहा था कि अचानक तीन व्यक्ति आए व उससे गाली-गलौच व मारपीट करते हुए, रुपए की मांग करने लगे, उसके द्वारा भागने का प्रयास किया गया, परंतु तीन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। फिर उसे जबरन, जान से मारने की धमकी देते हुए टांगरटोली तालाब के पास ले गए व प्रार्थी से 5000/- रुपये की मांग करने लगे।
प्रार्थी के द्वारा जब अपने पास रुपए नहीं होने की बात कही गई, तो आरोपियों के द्वारा प्रार्थी को अपने रिश्तेदारों को फोन कर, रुपए मंगाने हेतु कहा गया, जिस पर प्रार्थी के द्वारा अपने रिश्तेदार को रुपए लेकर, टांगरटोली तालाब के पास आने हेतु कहा गया था। जब प्रार्थी का रिश्तेदार रुपए लेकर टांगरटोली तालाब के पास पहुंचा, तभी एक आरोपी अपनी मोटर साइकल से रुपए लेने के लिए, प्रार्थी के रिश्तेदार के पास जा रहा था। इसी दौरान प्रार्थी मौका पाकर, वहां से भाग गया व उसके रिश्तेदार के साथ थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया। आरोपियों के द्वारा प्रार्थी के मोबाइल फोन को भी छीन लिया गया है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 127(1),309(4),298,351(2) व 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से तीनों आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया था। जिनमें से एक आरोपी आवेश भगत उम्र 22 वर्ष को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है व उसके अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में दो आरोपी फरार है, जिनकी पतासाजी की जा रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा। पुलिस के द्वारा गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से प्रार्थी के लूटे गए मोबाइल फोन सहित घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल को भी जप्त किया गया है।
उपरोक्त दोनों मामलों की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक खेमराज ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक एसन पाल, आरक्षक हेमंत कुजूर, आरक्षक शोभनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस के द्वारा सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक हत्या के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही एक लूट के प्रकरण में, एक आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है, दो अन्य फरार आरोपियों को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, पतासाजी जारी है, उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
