जशपुर में सड़क सुरक्षा की बड़ी पहल! लाइसेंस शिविर में 103 ग्रामीणों को मिला कानूनी वाहन संचालन का अधिकार

ग्रामीण युवाओं को सड़क सुरक्षा और परिवहन सुविधा से जोड़ने लाइसेंस शिविर आयोजित

स्वामी आत्मानंद स्कूल पतराटोली में 103 लोगों को मिला लर्निंग लाइसेंस

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले के ग्रामीण युवाओं को वाहन संचालन संबंधी कानूनी अनुमति एवं सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से आज तहसील दुलदुला अंतर्गत ग्राम पतराटोली के स्वामी आत्मानंद स्कूल में लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 103 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेत, लाइसेंस प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन पद्धति की विस्तृत जानकारी दी गई। गांव में ही लाइसेंस उपलब्ध होने से लोगों में उत्साह और विश्वास दोनों देखने को मिला।

सरल प्रक्रिया से आमजन को राहत –

इस शिविर में बिना जिला मुख्यालय गए आसान और त्वरित प्रक्रिया के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवा, छात्र और नागरिक परिवहन व्यवस्था से सीधे जुड़ सके। लाइसेंस बनवाने वाले हितग्राहियों ने कहा कि पहले लाइसेंस बनवाने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। आज हमारे ही गांव में शिविर लगा, आसानी से लाइसेंस मिल गया और यातायात नियमों की अच्छी जानकारी भी मिली। अब वाहन चलाते समय हमें कानूनी जानकारी और जिम्मेदारी दोनों का बोध रहेगा। शिविर ने स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों से नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी और कानूनी स्वीकृति दोनों एक ही स्थान पर प्राप्त हो रही है।

Related posts