रायपुर में DGP–IG सम्मेलन 2025 की तैयारियाँ तेज—गुप्तवार्ता निदेशक अमित कुमार अतिरिका ने सुरक्षा व समन्वय बैठक में अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश

रायपुर : राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन 2025 को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। सम्मेलन में शामिल होने वाले वीवीआईपी, व्हीआईपी एवं देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज 23 नवंबर 2025 को सी-4 सिविल लाइंस में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) श्री अमित कुमार अतिरिका ने की, जिन्होंने आयोजन के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को हर स्तर पर मजबूत रखने के निर्देश दिए।

बैठक में श्री अतिरिका ने कहा कि सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परस्पर समन्वय, त्वरित सूचना आदान–प्रदान और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। वीवीआईपी आगमन एवं कार्यक्रम प्रबंधन के दौरान सभी अधिकारियों से व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदारी निभाने, सतर्क रहने और दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन करने के लिए कहा गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

इस हाई-लेवल मीटिंग में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में प्रमुख रूप से आईजी प्रशिक्षण आनंद छाबड़ा, आईजी पुलिस मुख्यालय अमित गर्ग, आईजी पुलिस मुख्यालय ध्रुव गुप्ता, आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा, आईजी बिलासपुर रेंज डॉ. संजय शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक एम.एल. कोटवानी, उप पुलिस महानिरीक्षक एम.आर. अहिरे, उप पुलिस महानिरीक्षक शंकरलाल बघेल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. उमेद सिंह सहित रायपुर जिले के सभी अपु.अ. एवं नपु.अ. अधिकारी मौजूद रहे।

सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, वीवीआईपी रूट प्लानिंग, होटल और स्थलों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष संचालन और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि सम्मेलन अवधि में राजधानी को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल समय से पहले लागू कर दिए जाएंगे।

Related posts