सीमा पर हड़कंप : धान माफियाओं की नाक में दम ! जशपुर में फिर पकड़ा 54 क्विंटल अवैध धान, पुलिस की चौकसी से दहशत, झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा अवैध धान, ऑटो और पिक-अप सहित पकड़ा विशाल स्टॉक.

छत्तीसगढ़ राज्य में धान खरीदी चालू होते ही, जशपुर जिले से सटे सरहदी राज्यों जैसे झारखंड व उड़ीसा राज्य से अवैध रूप से धान को लाकर, धान कोचिये, छत्तीसगढ़ में खपाने के फिराक में हैं, परंतु जशपुर प्रशासन व पुलिस अत्यंत सजग है, अवैध रूप से सरहदी राज्यों से धान की आमद को रोकने के जिला प्रशासन व पुलिस के द्वारा जिला जशपुर के सीमावर्ती राज्य क्रमशः झारखंड व उड़ीसा से लगे रास्तों पर नाकाबंदी की गई है, जहां जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा सीमावर्ती राज्यों से जशपुर जिले में अवैध रूप से धान को लाने से रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।

उक्त दिनांक को लोदाम पुलिस को अलग-अलग समय में मुखबीर से सूचना मिली थी कि, थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोड़ी के रास्ते एक ऑटो आ रहा है व लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम तुरी लोदाम के ग्रामीण रास्ते से होते हुए एक पिक-अप वाहन में जिसमें की धान लोड है, को भी जशपुर की ओर ले जाया जा रहा है। जिस पर लोदाम पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, ग्राम पोड़ी में संदिग्ध ऑटो क्रमांक JH07-D-6538 व तुरी लोदाम ग्रामीण रास्ते से संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक CG14-DA-2352 को घेरा बंदी कर रोका गया। पूछताछ पर ऑटो चालक ने अपना नाम शंकर सिंह, उम्र 38 वर्ष, ग्राम लाटू अंबाटोली, थाना रायडीह जिला गुमला झारखंड का रहने वाला बताया, पुलिस के द्वारा जब ऑटो की तलाशी ली गई, तो उसमें 14 क्विंटल धान लोड मिला, जिसे वह रायडीह झारखंड से लेकर छत्तीसगढ़ ला रहा था।  उसी प्रकार पुलिस के द्वारा जब तुरी लोदाम में पकड़े गए पिक-अप वाहन के चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम आदित्य सिंह उम्र 28 वर्ष, निवासी जामटोली, थाना लोदाम छत्तीसगढ़ का रहने वाला बताया व उक्त पिक-अप वाहन को अपने ही गाँव के बृजमोहन नाम के व्यक्ति का होना बताया। पुलिस के द्वारा पिक-अप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 40 क्विंटल धान भरी बोरी मिली। पूछताछ पर पिक-अप चालक ने उक्त धान भरी बोरी को ग्राम क़ासिर, जिला गुमला से लेकर आना बताया।

पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध ऑटो चालक व पिक-अप वाहन के चालक से धान से संबंधित दस्तावेजों की मांग करने पर, उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका।

पुलिस के द्वारा उक्त दोनों संदिग्ध वाहन क्रमशः ऑटो वाहन क्रमांक JH07-D-6538 व पिक-अप वाहन क्रमांक CG –15-DA-2352 को कुल 54 क्विंटल अवैध धान सहित पकड़ कर, अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन जशपुर को सौंपा गया है, जिला प्रशासन के द्वारा विधिवत कार्यवाही की जा रही है।

Related posts