घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप : बांस के डंडों से पत्नी को पिटाई कर हत्या ! आरोपी बीट गार्ड यादराम अजगल्ले गिरफ्तार, छाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा रिमांड पर.

थाना छाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंजाईपाली में 30 नवंबर 2025 की सुबह छाल पुलिस को सूचना मिली थी कि बीट गार्ड यादराम अजगल्ले द्वारा अपनी पत्नी सोनतला अजगल्ले की डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी गई है। एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल द्वारा जानकारी मिलते ही छाल पुलिस और एफएसएल की टीम तुरंत मौके पर रवाना की गई। छाल पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटना-स्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में ग्राम कुडूमकेला निवासी एवं परिक्षेत्र सहायक बनहर द्रोण डनसेना ने बताया कि उन्हें ग्राम बनहर से सूचना मिली थी कि घरेलू विवाद के दौरान बीट गार्ड यादराम अजगल्ले ने लकड़ी के डंडे से वार कर अपनी 31 वर्षीय पत्नी सोनतला को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

छाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और तत्परता से आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यादराम अजगल्ले ने स्वीकार किया कि 29 नवंबर की रात घर लौटने पर खाना बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। गुस्से में उसने घर में रखे बांस के डंडे और लकड़ी फारा से पत्नी के सिर और शरीर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में थाना छाल ने आरोपी यादराम अजगल्ले (38 वर्ष) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 262/2025 धारा 103(12) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर घटना में प्रयुक्त डंडा सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए। आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts