गौ तस्करी का गेम खत्म ! हाईवे पर फटा टायर, स्कॉर्पियो और 4 गौ-वंश छोड़कर भागा, आरोपी ने सोचा बच निकलेगा, छः महीने बाद जशपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा, गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल.

जशपुर : जशपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन अंकुश’ ने एक बार फिर गौ तस्करों की कमर तोड़ दी है। महीनों से फरार चल रहा आरोपी अफसर राय आखिरकार पुलिस के जाल में फँस गया। बिना नंबर की स्कॉर्पियो में गौ-वंश भर कर फरार हुआ यह आरोपी जिसे पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त तकनीकी जांच ने ढूंढ निकाला, अब जेल की सलाखों के पीछे पहुँच चुका है। मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 04 जून 2025 को जशपुर पुलिस के द्वारा ग्राम बालाछपार के नेशनल हाइवे 43 पर  ग्रामीणों की सूचना पर एक बिना नम्बर प्लेट की स्कॉर्पियो वाहन को जप्त किया गया था। जिसमें  पीछे की सीट को निकाल कर 04 नग गौ-वंशों को रस्सी से बांध कर रखा गया था व वाहन का टायर फटा हुआ था,  संदिग्ध तस्कर फरार थे। पुलिस के द्वारा गौ वंशों की तस्करी के अंदेशा पर उक्त स्कॉर्पियो के अज्ञात चालक के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4,6,10 व  कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।

जांच विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए, परिवहन विभाग के सहयोग से, स्कॉर्पियो वाहन के मालिक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को परिवहन विभाग के सहयोग से, पता चला कि उक्त संदिग्ध वाहन का नंबर JH 01G –0199 है, जो कि झारखंड क्षेत्रांतर्गत एक योगेश कुमार गुप्ता के नाम से रजिस्टर्ड थी, जशपुर पुलिस के द्वारा जब उससे जाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उक्त वाहन को वह, झारखंड के ही एक महिला को बेच दिया था, जिसके सम्बन्ध में उसके द्वारा, जशपुर पुलिस को दस्तावेज भी दिए गए, पुलिस के द्वारा जब महिला से पूछताछ की गई तो, उसने बताया कि उक्त संदिग्ध पिक-अप को वह 2022 में आरोपी अफसर राय को बेच चुकी थी। जशपुर पुलिस के द्वारा भी उक्त संबंध में जांच की गई, पुलिस के द्वारा जब आरोपी तस्कर अफसर राय पिता गफूर राय उम्र 27 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो, उसके द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि घटना दिनांक को वह गौ-वंशों को छत्तीसगढ़ राज्य के रायगढ़ क्षेत्र से लेकर झारखंड जा रहा था, इसी दौरान नेशनल हाइवे पर पुलिस की नाकाबंदी देख  वह स्कॉर्पियो वाहन को छोड़ कर फरार हो गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपी की पतासाजी हेतु विशेष टीम गठित की गई थी। जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से गौ तस्करी के आरोपी अफसर राय पिता गफूर राय, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बेड़ो, जिला रांची झारखंड से धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी अफसर राय के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts