एन.ई.एस. कॉलेज जशपुर में 15 दिसंबर को युवा शिविर, श्री अरविन्द की समग्र शिक्षा दर्शन पर आधारित होगा मार्गदर्शन

एन.ई.एस. कॉलेज में 15 दिसंबर को एक दिवसीय युवा शिविर का होगा आयोजन

श्री अरविन्द की समग्र शिक्षा दर्शन पर आधारित शिविर में डॉ. इन्दिरा मिश्र करेंगे मार्गदर्शन

जशपुर : अरविन्द सोसायटी, पांडिचेरी की छत्तीसगढ़ राज्य समिति द्वारा जशपुर नगर स्थित एन.ई.एस. कॉलेज में 15 दिसम्बर 2025 को एक दिवसीय युवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें युवाओं के सर्वांगीण विकास से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। शिविर में वरिष्ठ सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. इन्दिरा मिश्र अपने सहयोगियों के साथ विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इस आयोजन में लगभग 50 स्नातक स्तर के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।

यह शिविर महर्षि श्री अरविन्द की समग्र शिक्षा की अवधारणा पर आधारित होगा। श्री अरविन्द का मानना था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि छात्र का शारीरिक, मानसिक, प्राणिक एवं आत्मिक विकास होना चाहिए। इसके अंतर्गत शरीर के लिए व्यायाम, मन के लिए चिंतन, प्राण के लिए उत्साह तथा आत्मा के लिए शुद्धता का अभ्यास आवश्यक है। इस युवा शिविर में एन.ई.एस. कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य महाविद्यालयों के इच्छुक छात्र भी भाग ले सकते हैं। आयोजन को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है और इसे युवाओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related posts