हर यूनिट बचत, उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम: नागपुर मंडल में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला

ऊर्जा संरक्षण सप्ताह–2025 के अवसर पर नागपुर मंडल में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ऊर्जा संरक्षण पर सेमिनार संपन्न

रायपुर : बेहतर, सुरक्षित एवं सतत भविष्य के संकल्प के साथ सम्पूर्ण देश में प्रतिवर्ष 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में दिनांक 08 से 14 दिसंबर 2025 तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह–2025 का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की गईं।

ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर आज दिनांक 15 दिसंबर 2025 को मंडल सभागार में विद्युत (सामान्य) विभाग द्वारा ऊर्जा संरक्षण पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर श्री दीपक कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम में मंडल के सभी शाखाधिकारी, विद्युत विभाग के पर्यवेक्षक एवं कर्मचारीगण सहित ओरिएंट कंपनी के श्री अर्नब मोंडल, (बिजनेस डेवलोपमेंट मैनेजर ),एवं गुरप्रीत सिंह (वरिष्ठ एरिया मैनेजर) उपस्थित रहे।

सेमिनार के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (आर.एस. एवं जी.) श्री राजेश सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण की दिशा में नागपुर मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नागपुर मंडल के विद्युत विभाग को भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय से ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ प्रदान किया गया है, जिसे दिनांक 14 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता ने मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के करकमलों द्वारा प्राप्त किया।

श्री राजेश सिंह यह भी जानकारी दी कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में नागपुर मंडल में 1.3 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं तथा वर्ष 2026-27 में 2.3 मेगावाट सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है, साथ ही मंडल के अंतर्गत सभी कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं स्टेशनों में 5-स्टार रेटिंग वाले ऊर्जा दक्ष BLDC पंखे एवं LED लाइट्स लगाए जाने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है ताकि विद्युत ऊर्जा की बचत सुनिश्चित की जा सकेगी।

 इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे नियोजित प्रयासों से भी ऊर्जा का संरक्षण संभव है। कार्यालयों एवं घरों में आवश्यकता अनुसार लाइट एवं पंखों का उपयोग, कार्यालय छोड़ने से लगभग आधा घंटा पूर्व एयर कंडीशनर बंद करने जैसे सरल उपायों से बड़ी मात्रा में ऊर्जा की बचत की जा सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 मंडल में ऊर्जा संरक्षण जागरूकता को और अधिक व्यापक बनाने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ऊर्जा संरक्षण संबंधी बैनर एवं पोस्टर लगाए गए हैं साथ ही स्टेशनों पर यात्री उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ऊर्जा बचत के सरल उपायों की जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें ऊर्जा संरक्षण की दिशा में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेल प्रशासन आम नागरिकों से भी अपील करता है कि ऊर्जा संरक्षण देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। घर एवं कार्यस्थल पर ऊर्जा की बचत कर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र की प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Related posts