पुरानी रंजिश में मारपीट बनी मौत की वजह : डंडे से हमला पड़ा भारी ! 82 साल की बुजुर्ग महिला की मौत, हत्या के आरोप में आरोपी सलाखों के पीछे, गिरफ्तार कर भेजा गया रिमांड पर.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा निवासी सोनमति केरकेट्टा पति करूं केरकेट्टा उम्र 82 वर्ष को दिनांक 12 दिसंबर 2025 को पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही सबीलाल केरकेट्टा द्वारा डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। मारपीट में सिर में गंभीर चोट लगने से सोनमति केरकेट्टा मौके पर ही बेहोश हो गई थी, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दिनांक 15 दिसंबर 2025 को दोपहर उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर थाना पत्थलगांव से बिना नंबरी मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद कल कापू थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा असल मर्ग कायम कर गवाहों के कथन लिए गए। मृतिका के परिजनों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण होमिसाइडल लेख किए जाने पर कापू पुलिस ने आरोपी सबीलाल केरकेट्टा पिता अमरसाय केरकेट्टा उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

विवेचना के दौरान कापू पुलिस टीम ने ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा में दबिश देकर आरोपी को उसके घर के सामने खेत की ओर लुकते-छिपते घूमते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया। अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना के समय पहने कपड़े एवं वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया है।

Related posts