डॉन बॉस्को स्कूल जुमइकेला में उल्लासपूर्ण क्रिसमस समारोह: छात्रों की मनमोहक प्रस्तुतियां, राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

जुमइकेला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस, डॉन बॉस्को व जनता हायर सेकेंडरी स्कूल का संयुक्त आयोजन बना आकर्षण

कुनकुरी : डॉन बॉस्को इंग्लिश मीडियम स्कूल जुमइकेला एवं जनता हायर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में 20 दिसंबर 2025 को क्रिसमस पर्व बड़े ही उल्लास, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के समस्त स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे डॉन बॉस्को इंग्लिश मीडियम स्कूल जुमइकेला के कैंपस में हुई। सर्वप्रथम स्कूल मैनेजर फादर चार्ल्स खलखो ने प्रभु यीशु के जन्म की स्मृति में चरनी के समक्ष छोटी प्रार्थना कर आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात ग्राम सरपंच श्रीमती बैजयंती टोप्पो ने समुदाय के सदस्यों के साथ केक काटकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर फादर कपिल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में क्रिसमस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, शांति, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्रिसमस केवल उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का पर्व है।

कार्यक्रम का सफल संचालन एम.सी. की भूमिका में न्याचल बड़ा एवं आयुष टोप्पो ने किया। दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मधुर क्रिसमस गीत, आकर्षक नृत्य और भावपूर्ण नाटकों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का एक विशेष एवं गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब ग्राम सरपंच एवं समुदाय के सदस्यों द्वारा हिंदी मीडियम के छात्र आयुष टोप्पो और निशांत टोप्पो को राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में चयनित होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाइयां दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समापन अवसर पर डॉन बॉस्को इंग्लिश मीडियम स्कूल जुमइकेला के प्रिंसिपल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समुदाय के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका।

पूरा परिसर प्रेम, शांति और खुशी के संदेश से सराबोर रहा। क्रिसमस का यह उत्सव आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Related posts