घरघोड़ा पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला तस्करी का किया भंडाफोड़.
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 332/2025 के अंतर्गत धारा 303(2), 112(2), 61(2), 338, 336(3), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर किई जा रही है विवेचना.
चोरी और संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्यवाही.
रायगढ़ : कोयला तस्करी जैसे संगठित और सुनियोजित अपराधों पर शिकंजा कसते हुए घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। फर्जी नंबर प्लेट, चोरी का कोयला और योजनाबद्ध नेटवर्क के जरिए अवैध परिवहन करने वाले आरोपियों को पुलिस ने तेज़ कार्रवाई, मुखबिर तंत्र और सतर्क घेराबंदी के माध्यम से रंगे हाथों पकड़ा। यह कार्रवाई न केवल अवैध कोयला तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार है, बल्कि संगठित अपराध में लिप्त गिरोहों के लिए कड़ा चेतावनी संदेश भी है कि कानून से बचकर निकलना अब नामुमकिन है। घरघोड़ा पुलिस की इस सटीक और साहसिक कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि जिले में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर दिनांक 22 दिसंबर 2025 को घरघोड़ा पुलिस द्वारा अवैध कोयला परिवहन के एक बड़े और संगठित अपराध का खुलासा करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगा कर कोयला तस्करी कर रहे ट्रेलर वाहन चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में संगठित अपराध पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध चोरी, संगठित अपराध की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-2601 में सिसरिंगा, धरमजयगढ़ की ओर से अवैध कोयला लोड कर रायगढ़ ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में हमराह स्टॉफ एवं गवाहों के साथ धरमजयगढ़ रोड बाईपास तिराहा, घरघोड़ा में घेराबंदी की गई।
मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध ट्रेलर वाहन आते दिखा, जिसे रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन को घरघोड़ा शहर की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर थाना घरघोड़ा के सामने लैलूंगा रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।
वाहन चालक की पहचान आदर्श महतो पिता गौरीशंकर महतो उम्र 25 वर्ष, निवासी एस.ई.सी.एल. बरघाट कॉलोनी, थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ एवं उसके साथी अखिल लहरे पिता संतोष लहरे उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गोडम थाना सारंगढ़, हाल मुकाम चक्रधरनगर रायगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों के जवाब संदेहास्पद पाए गए।
जांच में पाया गया कि ट्रेलर के मूल पंजीयन नंबर को काले रंग के पॉलिश से छिपाया गया था तथा इंजन और डाले पर कई स्थानों पर फर्जी पंजीयन नंबर CG-10-R-2601 के स्टीकर लगाए गए थे। ट्रेलर में लगभग 20 टन अवैध कोयला लोड पाया गया।
गवाहों के समक्ष की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि रायगढ़ के मिनी स्टेडियम के पास स्थित बाबा ट्रैवल्स के संचालक अमित अग्रवाल द्वारा योजनाबद्ध तरीके से फर्जी नंबर स्टीकर बनवाया गया था। आरोपी अमित अग्रवाल के निर्देश पर ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-1927 में पूर्व से चोरी का कोयला लोड कर उसका असली नंबर हटाकर फर्जी नंबर लगाकर रायगढ़ लाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा ट्रेलर वाहन सहित लगभग 20 टन कोयला जब्त किया गया। मामले में आरोपी 1. आदर्श महतो उर्फ हैप्पी 2. अखिल लहरे 3. अमित अग्रवाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 332/2025 के तहत धारा 303(2), 112(2), 61(2), 338, 336(3), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। घरघोड़ा पुलिस ने आदर्श महतो उर्फ हैप्पी एवं अखिल लहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस प्रकरण की संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक राम सजीवन वर्मा एवं थाना स्टॉफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
