फेसबुक के माध्यम से आरोपी ने स्वयं को तहसीलदार बताकर पीड़िता से की दोस्ती.
पीड़िता द्वारा बातचीत करने से मना करने पर बातचीत करने के लिए देता था दबाव.
पीड़िता द्वारा बातीचीत बंद करने से क्षुब्ध होकर आरोपी ने फर्जी आईडी बना.कर पीड़िता का फोटो एवं मोबाईल नंबर करने लगा वायरल, आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाईल किया गया जप्त.
थाना-सरकंडा जिला-बिलासपुर (छ.ग.) में अपराध क्रमांक -1786/2025 धारा-74, 79, 351(2), 204 बीएनएस 67, 67(ए), 66(सी), आईटी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध.
नाम आरोपी –
आशुतोष उपाध्याय पिता नरेन्द्र उपाध्याय उम्र 35 वर्ष निवासी मुलमुला थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा छ.ग.।
बिलासपुर : महिला संबंधी अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकण्डा पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का परिचय दिया है। फेसबुक के माध्यम से स्वयं को तहसीलदार बताकर महिला से दोस्ती करने, बातचीत का दबाव बनाने और मना करने पर बदनाम करने की नीयत से फर्जी आईडी बनाकर फोटो व मोबाइल नंबर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सरकण्डा में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकण्डा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को ग्राम मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि समाज में एक सख्त और स्पष्ट संदेश भी देती है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आशुतोष उपाध्याय निवासी मुलमुला के साथ वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से जान पहचान हुई थी, जो स्वयं को मुंगेली का तहसीलदार बताता था। जिससे मोबाईल के माध्यम से बातचीत होती थी, कुछ दिनों के बाद उससे बातचीत बंद करने पर वह अलग-अलग नम्बरों से कॉल कर अश्लील बातचीत करता था, जिससे परेशान होकर नम्बर ब्लॉक करने पर वह दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को जयंती भट्टाचार्य के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो एवं मोबाईल नम्बर लिख कर वायरल कर दिया है, जिससे अलग-अलग नम्बरों से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कॉल कर अश्लील बातें की जा रही है, आशुतोष उपाध्याय द्वारा बदनाम करने के नियत से मेरा फोटो एवं नंबर वायरल किया है।
प्रार्थिया की इस रिपोर्ट पर अपराध सदर कायम कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये घटना के संबंध में तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया, जिनके द्वारा महिला संबंधी अपराध पर त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गए। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम तैयार कर आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी एकत्र कर आरोपी आशुतोष उपाध्याय को ग्राम मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा से हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया गया,जिसे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
