जशपुर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा : झारखंड से छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा था अवैध धान, पुलिस को देख भागा पिक-अप चालक, 60 बोरी धान और वाहन मौके पर छोड़कर फरार, जप्त कर कार्यवाही हेतु सौंपा गया जिला प्रशासन को.

जिले में सरहदी राज्यों व राज्यों के भीतर अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस निरंतर नजर रखी हुई है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने अवैध रूप से धान को छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश करने वाले धान बिचौलियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए अब तक, अवैध रूप से परिवहन करते 35 वाहनों से 2 हजार 120 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। इसी क्रम में दिनांक 09 जनवरी 2026 को चौकी उपरकछार क्षेत्रांतर्गत जशपुर पुलिस के द्वारा फिर एक पिक-अप वाहन से 60 बोरी में 30 क्विंटल धान को पकड़ा गया है। जिसकी कीमत लगभग 69,000/- रुपये है।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 09 जनवरी 2026 को चौकी उपरकछार पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH -01-GH -8011 में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे कि संभवतः झारखंड राज्य की ओर से  गढ़वामुड़ा के ग्रामीण रास्तों से होते हुए छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। जिस पर चौकी उपरकछार पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए गढ़वा केला के पास ग्रामीण रास्तों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध पिक-अप वाहन आता दिखाई देने पर, पुलिस के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, परंतु पिक-अप चालक द्वारा वाहन को न रोक कर, तेजी से भगाने का प्रयास किया गया। पुलिस के द्वारा पीछा करने पर संदिग्ध पिक-अप वाहन का चालक, कुछ दूरी पर पुलिस को पीछा करते देख, पिक-अप को छोड़ कर फरार हो गया।

पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH -01-GH -8011 के पास जाकर देखा गया तो पाया कि उसमें 60 बोरी में 30 क्विंटल धान लोड था। पुलिस के द्वारा पिक-अप वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक के संबंध में पतासाजी करने पर पता चला कि उक्त पिक-अप, ग्राम करडेगा निवासी रंजीत साहू की है व पिक-अप में लोड धान, थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिंगीबहार निवासी शिवम् यादव उम्र 25 वर्ष का है। पुलिस के द्वारा जब उनसे धान के संबंध में वैध दस्तावेज व मंडी टोकन की मांग की गई तो उनके द्वारा कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा पिक-अप वाहन सहित उसमें लोड 60 बोरी में 30 क्विंटल धान को जप्त कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

Related posts