परिवार मिलन समारोह में सामाजिक एकता का संदेश, कुनकुरी में सम्राट हेमू रौनीयार महिला विंग का गठन
कुनकुरी : ढोढ़ीडांड ईब नदी के सुरम्य तट पर स्थित शिव मंदिर परिसर में शनिवार को रौनीयार समाज द्वारा भव्य परिवार मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों—वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा एवं बाल वर्ग—ने एकजुट होकर सहभागिता की और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर मंथन के साथ पारिवारिक सौहार्द का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान सम्राट हेमू रौनीयार समाज ने प्रदेश संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक वर्ष 5 अप्रैल को महर्षि कश्यप जयंती धूमधाम से मनाने का सर्वसम्मत निर्णय लिया। इसके साथ ही समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनके समग्र सामाजिक विकास को सशक्त करने के उद्देश्य से महिला विंग का गठन किया गया।
समाज के अध्यक्ष श्री दीपक भोला गुप्ता ने बताया कि महिला शक्ति को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने और उन्हें संगठित मंच देने के उद्देश्य से महिला विंग का गठन किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि श्रीमती सुरेखा गुप्ता को महिला विंग की अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है।
वहीं श्रीमती राजकुमारी गुप्ता को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती सुनीता गुप्ता एवं श्रीमती बसंती गुप्ता, कोषाध्यक्ष के रूप में श्रीमती सरिता गुप्ता तथा उप-कोषाध्यक्ष के रूप में श्रीमती रुम्पा गुप्ता का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
समारोह में समाज के भविष्य को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के उपाध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्री अयोध्या गुप्ता, सचिव एवं संचालक श्री नीरज गुप्ता सहित चतुर्भुज गुप्ता, जनार्दन गुप्ता, श्रवण गुप्ता, पवन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, बसंत गुप्ता, रवि गुप्ता, पिंटू गुप्ता, गौरी शंकर गुप्ता, दिलीप गुप्ता, रामकुमार गुप्ता, नान्हू गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा वर्ग और बाल वर्ग की सहभागिता रही।
कार्यक्रम ने समाज में एकता, संगठन और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
