145 मामलों में 241 तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन शंखनाद से मचा गौ तस्करों में हड़कंप.
पिछले दिनों सिटी कोतवाली जशपुर ने डुमरटोली जंगल से इनके 10 नग गौ-वंश को किया था जप्त, पूर्व में इनके दो सहयोगी अजीत राम एवं राजेश्वर राम हो चुके हैं गिरफ्तार.
आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में गौ-तस्करी करने पर छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
ऑपरेशन शंखनाद जारी तिथि से अब तक गौ तस्करी के 145 प्रकरणों में 241 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर 1406 से अधिक गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त करा चुकी है जशपुर पुलिस.
गिरफ्तार आरोपीगण – 1. नवाब खान उर्फ मनुव्वर खान उम्र 38 साल निवासी आजाद मोहल्ला जशपुरनगर. 2- मुस्तकीम खान उम्र 48 साल निवासी मधुवनटोली जशपुरनगर.
जशपुर : गौ-तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। सख्त निगरानी, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जशपुर पुलिस गौ-तस्करी पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से गौ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस निरंतर गौ तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। जशपुर पुलिस के द्वारा ऑपरेशन शंखनाद जारी तिथि से अब तक 145 प्रकरणों में जहां 1406 से अधिक गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, वहीं 241 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जशपुर पुलिस के द्वारा गौ तस्करी में प्रयुक्त 70 वाहनों को भी जप्त किया गया है, जिनमें से 24 वाहनों को राजसात किया जा चुका है।
थाना सिटी कोतवाली जशपुर को दिनांक 06 जनवरी 2026 को शाम करीबन 04:00 बजे मुखबीर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम डूमरटोली के जंगल के रास्ते काफी संख्या में गौ-वंशों को बेरहमीपूर्वक मारते पीटते हुए पैदल झारखंड राज्य की ओर ले जा रहा है। जिस पर पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल मुखबिर के बताए स्थान डूमरटोली जंगल में जाकर देखा तो पाया कि एक व्यक्ति 10 नग गौ-वंशों को बेरहमीपूर्वक पीटते हुए, पैदल हांक कर जल्दी जल्दी ले जा रहा था। पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर उससे 10 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया था। पुलिस को आता देख संदिग्ध गौ तस्कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया था, पुलिस के द्वारा फरार आरोपी को चिन्हित कर लिया गया था, जिसकी पहचान ग्राम डूमरटोली थाना सिटी कोतवाली जशपुर, निवासी अजीत राम उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई थी। पुलिस के द्वारा आरोपी अजीत राम को उसके घर में दबिश दे कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि इस कार्य में उसका साथी राजेश्वर राम के साथ-साथ गौ-वंश के मालिक नवाब खान एवं मुस्तकीम खान भी सम्मिलित थे। पुलिस द्वारा उसी दौरान डुमरटोली निवासी राजेश्वर राम को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गौ-वंश के मालिक नवाब खान एवं मुस्तकीम खान फरार चल रहे थे।
पुलिस द्वारा फरार गौ-वंश के मालिक नवाब खान एवं मुस्तकीम खान की सघनता से पतासाजी की जा रही थी। इस दौरान मुखबीर एवं सायबर सेल से उनके जशपुर क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिलने पर उक्त दोनों आरोपियों को जशपुर के अलग-अलग क्षेत्रों से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त गौ-वंश को अपने हॉकरों के माध्यम से झारखंड की ओर तस्करी करना स्वीकार किया है। आरोपियों का उक्त कृत्य छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध घटित करना पाये जाने पर उन्हें दिनांक 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उपनिरीक्षक खोमराज ठाकुर, आरक्षक उपेन्द्र सिंह, राजकेश्वर सिंह व नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि – ‘ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत जशपुर पुलिस ने दो फरार गौ तस्करों को जशपुर के अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है, अपने आस-पास हो रहे किसी प्रकार की तस्करी, अवैधानिक कृत्य की सूचना तत्काल पुलिस को देवें, जिससे जशपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा सके।‘
