नाबालिग बालिका को बरामद कर किया गया परिजनों के सुपुर्द, मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 137(2),64(2)(M),69 व 4,6 पॉस्को एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार आरोपी मानसिंह नाग उम्र 20 वर्ष.
जशपुर : नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जशपुर पुलिस ने एक संवेदनशील और गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पत्थलगांव क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए पुलिस ने न केवल पीड़िता को सकुशल बरामद किया, बल्कि समाज में कड़ा संदेश भी दिया है कि ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 04 जनवरी 2026 को थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम के प्रार्थी ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि दिनांक 04 जनवरी 2026 को रात्रि में उसका पूरा परिवार खाना खा कर अपने अपने कमरे में सोने हेतु चला गया था। उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी भी अपने कमरे में सोने हेतु गई थी, दिनांक 05 जनवरी 2026 की सुबह करीबन 05:00 बजे प्रार्थी की पत्नी जब अपनी नाबालिग बेटी को उठाने के लिए गई, तो देखी कि उसकी नाबालिग बेटी कमरे में नहीं थी। जिससे प्रार्थी व उनके परिजनों के द्वारा आस पास,रिश्तेदारों, सहेलियों में पतासाजी किया गया, कहीं पता नहीं चला। उन्हें संदेह है कि उसकी नाबालिग बेटी को किसी व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।
रिपोर्ट पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाना पत्थलगांव में गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना तथा पातासाजी में लिया गया था।
पुलिस के द्वारा लगातार गुम नाबालिग बालिका की पातासाजी करते हुए संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही थी, इसी दौरान मुखबिर की सूचना व परिजनों के सहयोग तथा पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त गुम नाबालिग बालिका थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में आरोपी मानसिंह के साथ है। जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, उक्त ग्राम में जाकर आरोपी मानसिंह के कब्जे से नाबालिग बालिका को बरामद कर, आरोपी मानसिंह को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग बालिका ने बताया कि आरोपी मानसिंह नाग के द्वारा शादी व प्यार का झांसा देकर उसे भगा कर ले जाया गया था। इस दौरान आरोपी मानसिंह नाग के द्वारा नाबालिग बालिका से शादी का झांसा देकर अनाचार भी किया गया है। पुलिस के द्वारा नाबालिग बालिका का मेडिकल परीक्षण करा कर, उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
नाबालिग बालिका के कथन के आधार पर मामले में आरोपी के विरुद्ध उक्त कृत्य के लिए बीएनएस की धारा 64(2)(M),69 व 4,6 पॉस्को एक्ट भी जोड़ी गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी मानसिंह के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गुम बालिका की दस्तयाबी तथा आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उपनिरीक्षक हरि राम टंडन, सहायक उपनिरीक्षक खिरोवती बेहरा व आरक्षक राजेन्द्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत एक गुम नाबालिग बालिका को ढूंढ कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है, मामले में नाबालिग बालिका को भगाने व शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
