मोटर सायकल की चोरी कर उसे बेचने के लिये ग्राहक की तलाश कर रहे थे, तब चढ़े पुलिस के हत्थे.
आरोपियों के विरूद्ध थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 12/26 धारा 303 (2), 3(5) बीएनएस का अपराध दर्ज.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम – 1. राजेश पावले उम्र 26 साल निवासी नकना थाना सीतापुर, 2. राकेश सिंह पावले उम्र 24 साल निवासी मंगारी थाना सीतापुर, 3. अजय सिंह पावले उम्र 19 साल निवासी नकना थाना सीतापुर जिला सरगुजा.
जप्ती कुल – 04 चोरी की मोटर सायकल, 01 घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल, कुल 05 मोटर सायकल.
जशपुर : जशपुर जिले में सक्रिय मोटर सायकल चोर गिरोह पर पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। चोरी की मोटर सायकल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे आरोपियों को पुलिस ने समय रहते दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से न केवल हालिया चोरी की गई मोटर सायकल बरामद हुई, बल्कि पूर्व में चोरी की गई तीन अन्य मोटर सायकल भी जंगल से जप्त की गईं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अमित कुजूर उम्र 27 साल निवासी दिवानपुर घुलामा थाना पत्थलगांव ने दिनांक 12 जशपुर 2026 को थाना में उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 10 जशपुर 2026 को यह अपनी मोटर सायकल क्रमांक सी.जी. 14 एम.एम. 1203 में फुलेता साप्ताहिक बाजार गया था, मोटर सायकल को अम्बिकापुर जाने वाली रोड़ किनारे खड़ी कर बाजार करने गया था वापस आया तो इसकी मोटर सायकल को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। प्रार्थी की उक्त रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 12/2026 धारा 303 (2) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की विवेचना के दौरान मुखबीर की सूचना पर ज्ञात हुआ कि उक्त चोरी किये हुये मोटर सायकल क्रमांक सी.जी. 14 एम.एम. 1203 को बेचने के लिए राजेश पावले अपने साथी राकेश सिंह पावले एवं अजय कुमार पावले के साथ ग्राहक तलाश कर रहे थे। पुलिस टीम को देख छिपने लगे जिसे हमराह स्टॉफ के घेराबंदी कर पकड़े और बारीकी से पूछताछ कर मेमोरेण्डम कथन लिया गया। अभियुक्त राजेश पावले के पेश करने पर चोरी किया हुआ मोटर सायकल क्रमांक सी.जी. 14 एम.एम. 1203 एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल पल्सर को दिनांक 13 जनवरी 2026 को जप्त किया गया। अभियुक्त राकेश सिंह पावले अपने तीनों साथी के द्वारा पूर्व में चोरी की गई एक हिरो एचएफ डिलक्स, एक पैशन प्रो मोटर सायकल को जंगल में छुपा कर रखे थे। उनकी निशानदेही पर दिनांक 13 जनवरी 2026 को जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया। अभियुक्त अजय कुमार पावले पिता रामबिलास पावले के निशानदेही पर एक प्लेटिना मोटर सायकल को जंगल में छुपाकर रखा था, जिसके निशानदेही पर दिनांक 13 जनवरी 2026 को जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया। उक्त तीनों अभियुक्तगण के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से दिनांक 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस प्रकरण की विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक विनीत पाण्डेय, उपनिरीक्षक कृपादान लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक लेखन साहू, आरक्षक 558 तुलसी दास रात्रे, आरक्षक 568 राजेन्द्र रात्रे, आरक्षक 667 देवसिंह, आरक्षक 482 अनिल केरकेट्टा की सराहनीय भूमिका रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि – थाना पत्थलगांव पुलिस द्वारा चोरी के इस प्रकरण में प्रार्थी की चोरी हुई मोटर साइकिल के साथ-साथ अन्य 03 चोरी की मोटर साइकिलें भी जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है, उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया है।
