जिला प्रशासन की टीम के साथ पकड़ा, एक घर में अवैध रूप से डंप किया गया 40 क्विंटल धान
जप्त धान की कीमत लगभग 92000/- रुपये, मामला थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामबहार का
जशपुर : धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामबहार में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से अवैध रूप से डंप किया गया 40 क्विंटल धान जब्त किया है। लाखों के इस अवैध धान पर कार्रवाई से धान तस्करों में हड़कंप मच गया है।
ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन में, अवैध धान के आमद पर रोक लगाने हेतु जशपुर प्रशासन व पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है व अवैध धान के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही भी कर रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 18 जनवरी 2026 की प्रातः करीबन 07:00 बजे तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामटोली में मुखबिर की सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से घर में डंप कर रखे गए 40 क्विंटल धान को पकड़ कर जप्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक 18 जनवरी 2026 की प्रातः करीबन 07:00 बजे थाना तपकरा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि ग्राम जामबहार में संदिग्ध मनोज एक्का उम्र 28 वर्ष के घर में भारी मात्रा में धान की बोरी रखा हुआ है, जो कि उसकी खेती के रकबा से कहीं अधिक है, उसे संदेह है कि मनोज एक्का के द्वारा कहीं और से अवैध रूप से धान लाकर अपने यहां डंप किया गया है, जिसे कि वह धान उपार्जन केंद्र में खपा सकता है।
जिस पर तत्काल थाना तपकरा पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, जिला प्रशासन की टीम को सूचित किया गया। जिस पर नायब तहसीलदार फरसाबहार शोभनाथ सिंह के द्वारा, अपनी टीम व पुलिस की टीम के साथ ग्राम जामबहार में संदिग्ध मनोज एक्का के घर पर धान के भौतिक सत्यापन हेतु तलाशी ली गई। भौतिक सत्यापन के दौरान, संदिग्ध मनोज एक्का के घर में उसके खेती के रकबा से धान के अतिरिक्त 40 क्विंटल धान अधिक मिला। जिसके सम्बन्ध में मनोज एक्का से वैध दस्तावेज की मांग किए जाने पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर जिला प्रशासन व पुलिस की टीम के द्वारा कार्यवाही करते हुए उक्त 40 क्विंटल धान को जप्त कर लिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व अवैध धान की जप्ती में जिला प्रशासन की टीम से नायब तहसीलदार फरसाबहार थानेश्वर राठिया, आरआई फरसाबहार चन्द्र विजय साय, पटवारी नीलेश भगत, पटवारी सतेन्द्र भगत, पटवारी कीर्ति कुमार साय तथा पुलिस की टीम से थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक सतीश कुमार कौशिक, सहायक उपनिरीक्षक रामजी साय, आरक्षक शोभनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामबहार में अवैध रूप से धान को संग्रहित किया गया है, जिस पर पुलिस व प्रशासन की टीम के द्वारा कार्यवाही करते हुए 40 क्विंटल अवैध धान को जप्त कर कार्यवाही की गई है। अवैध धान आमद पर पुलिस की सक्रिय नजर है, कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।
